राजस्थान पर्यटन विभाग की ‘कल्चरल डायरीज’ पहल के तहत इस बार हाड़ौती अंचल की समृद्ध लोक संस्कृति को मंच मिलने जा रहा है। अल्बर्ट हॉल पर आयोजित इस विशेष सांस्कृतिक आयोजन में हाड़ौती के पारंपरिक लोक कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को लोकसंस्कृति की गहरी छाप देंगे। इस कार्यक्रम में हाड़ौती अंचल के विभिन्न जिलों के लोक कलाकार अपनी विशेष प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। रूपसिंह चाचोड़ा (छबड़ा) व दल – चकरी नृत्य पेश करेगा। हरिकेश सिंह (शाहबाद, बारां) व दल सहरिया नृत्य की प्रस्तुति देंगे। जुगल चौधरी (झालावाड़) व दल कानगवली कला की प्रस्तुति देने वाला है। कुणाल गंधर्व (कोटा) व दल भवाई के जरिए दर्शकों से तालियां बटोरेगा। विनीता चौहान (कोटा) व दल बिन्दौरी की प्रस्तुति देंगे। अशोक कश्यप (झालावाड़) व दल डंडा बिन्दौरी की खूबसूरती दर्शाएंगे। कार्यक्रम में पद्मश्री अब्दुल गनी और मोहम्मद गनी बंधुओं की खास प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम के दूसरे दिन राजस्थान के प्रसिद्ध लोकगायक पद्मश्री अब्दुल गनी बंधु अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। उनकी सुरमयी आवाज और परंपरागत लोकगीतों की गूंज से यह आयोजन और भी खास बन जाएगा। पर्यटन विभाग की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के लोक कलाकारों को मंच देना और उनकी पारंपरिक विधाओं को संरक्षित व संवर्धित करना है। ‘कल्चरल डायरीज’ के माध्यम से राजस्थान की विविध कलाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे राज्य के सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अनूठे आयोजन में लोकसंस्कृति प्रेमियों के लिए हाड़ौती की कला और संस्कृति का रंगारंग नजारा देखने का अवसर मिलेगा।


