अवंति विहार से जीई रोड की एंट्री पर अब जाम नहीं, सर्विस रोड से जा सकेंगे महासमुंद

जीई रोड पर मत्स्य विभाग के पास अवंति विहार का एंट्रेंस अब ट्रैफिक से मुक्त रहेगा। अवंति विहार के भीतर से बनी रोड के लिए तेलीबांधा चौक के पास सर्विस रोड को खोला जा रहा है। इससे अवंति विहार और आसपास की कॉलोनियों की बड़ी आबादी को मत्स्य विभाग के दफ्तर के पास जीई रोड में एंट्री करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। काॅलोनी के भीतर से तेलीबांधा चौक के पास लोग सीधे सर्विस रोड पहुंचेंगे। इस रोड से होते हुए महासमुंद जाने वाले लोग सीधे नेशनल हाइवे में शिफ्ट हो जाएंगे। 4 अगस्त से इस सड़क को चालू कर दिया जाएगा। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली है। तेलीबांधा चौक के पास नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर लोगों को बड़ी राहत देने के लिए दो बड़े बदलाव किए हैं। पहला चौक के पास रोटेटरी को छोटा कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई है। रोटेटरी को दो मीटर छोटा करने से सड़क पर एक अतिरिक्त लेन बन गई है। इस तरह यह रोड टू-लेन की बन गई। इस सड़क पर रोज करीब एक लाख वाहन गुजरते हैं। सिग्नल खुलने के बाद यहां पर जाम की स्थिति बन जाती है। इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने रोड की चौड़ाई बढ़ाने का सुझाव नगर निगम को दिया था। नगर निगम जोन-9 के कमिश्नर संतोष पांडे ने बताया कि ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए ही निगम मुख्यालय से चौड़ाई बढ़ाने का काम किया गया है। पहले चौड़ाई 12 फीट थी। अब 16 फीट हो गई है। अवंति विहार के लोगों को बड़ी राहत
ट्रैफिक डीएसपी सतीश सिंह ने बताया कि रोटेटरी छोटी कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ दूसरा बड़ा काम अवंति विहार के लोगों के लिए सर्विस रोड को ओपन किया जा रहा है। अवंति विहार और आसपास के लोग बाईपास रोड से सीधे एनएच की सर्विस रोड में आएंगे। सर्विस रोड होते हुए वे महासमुंद के लिए आगे बढ़ेंगे। यह वन-वे रोड होगी। यह रोड आगे जाकर एनएच पर खुलेगी। सिर्फ अ‌वंति विहार और आसपास के क्षेत्रों के लोग ही इस सड़क का उपयोग कर सकेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *