भास्कर न्यूज | अमृतसर चीफ खालसा दीवान के प्रधान डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने दीवान के सदस्य एवं सीकेडी पर्यावरण कमेटी के प्रभारी अवतार सिंह घुल्ला को दीवान का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। दीवान के प्रधान डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने कहा है कि सीकेडी स्कूलों को हरा-भरा बनाने, दीवान के धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान लंगर की सेवा करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अवतार सिंह घुल्ला द्वारा उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि एकजुट लंगर सेवा सोसायटी के अध्यक्ष अवतार सिंह घुल्ला गुरबाणी के सिद्धांतों पर चलते हुए पंजाब भर में अधिक से अधिक पौधे लगाकर तथा बिना किसी भेदभाव के लंगर पत्तर बांटकर शहर को साफ व हरा-भरा रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस अवसर पर चीफ खालसा दीवान के सचिव जसपाल सिंह ढिल्लों, मुख्य कार्यालय प्रभारी हरविंदर पाल सिंह चुघ ने अवतार सिंह घुल्ला को गुरु का आशीर्वाद रूप सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।


