भास्कर न्यूज | डौंडी महाशिवरात्रि पर 15 फरवरी को अंचल में कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। क्षेत्र के मंदिरों में सुबह से ही शिव नाम का जाप, पूजा-अर्चना और विशेष अनुष्ठान प्रारंभ हो जाएंगे। श्रद्धालु भगवान शंकर की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। डौंडी के समीप अवारी नाला के दूसरे छोर पर इस अवसर पर मेला लगेगा। मेले की तैयारी में ग्रामीण कई दिनों से जुटे हुए हैं। महाशिवरात्रि के दिन सुबह से ही श्रद्धालु अवारी नाला में पुण्य स्नान के लिए पहुंचते हैं। स्नान के बाद श्रद्धालु अवारी नाला धाम परिसर में स्थापित भगवान शंकर-पार्वती, श्रीराम-सीता, हनुमान एवं मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हैं। नाला के ऊपरी भाग में लगने वाले मेले में डौंडी, अवारी, लिम्हाटोला, छिंदगांव, मरारटोला, कुसुमटोला, गुदुम, कांडे, कुआंगोंदी, झुरहाटोला, पुसावड़, मरकाटोला, उकारी, सलाहईटोला, बेलरगोदी, अकोला सहित आसपास के 15 से 20 गांवों के सैकड़ों लोग शामिल होते हैं। मेले में ग्रामीण संस्कृति की झलक के साथ विभिन्न दुकानें और झूले आकर्षण का केंद्र रहते हैं। ग्राम ढोरीठेमा में भी मेला एवं धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। गडरिया पारा में मानस मंथन होगा डौंडी नगर के गडरिया पारा में मानस मंथन कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे कलश स्थापना से होगी। 9 बजे तक पूजा-आरती के बाद 10 बजे कलश यात्रा एवं शिव विवाह की झांकी नगर भ्रमण करेगी। दोपहर 12 बजे से मानस मंच प्रारंभ होगा। ज्योति मानस परिवार छिंदगांव, श्रीराम मानस मंडली दाघाडीह गुंडरदेही, जय बजरंग मित्र मानस परिवार कोटागांव डोंडी, रामकृष्ण महिला मानस मंडली भेड़रा धमतरी की प्रस्तुति होगी।


