बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक कार से 104 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 18 फरवरी को की गई। जब्त शराब की कीमत 1 लाख 46 हजार 820 रुपए आंकी गई है। इसमें ब्लेंडर प्राइड की 8 पेटी और रॉयल स्टेज की 4 पेटी (कुल 186 पाव) शामिल हैं। इसके साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा टैगोर कार (JH03 AB 3301) भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपए है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गढ़वा, झारखंड से अभिमन्यु गुप्ता अपने एक साथी के साथ सफेद टाटा टैगोर कार में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर खुरई के रास्ते रामचंद्रपुर की ओर आ रहा है। थाना प्रभारी ने हमराह स्टाफ और गवाहों के साथ बताए गए रास्ते पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद गढ़वा की ओर से आ रही सफेद कार को रोका गया। कार चालक और उसका साथी पुलिस को देखकर भागने लगे। झारखंड के रहने वाले आरोपी लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अभिमन्यु गुप्ता (30) और प्रभात कुमार गुप्ता (23) बताया। दोनों ग्राम डोल, थाना चिनिया, जिला गढ़वा, झारखंड के निवासी हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 09/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


