राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी नगर में बुधवार शाम बड़ा हादसा सामने आया। कंचन गंगा अपार्टमेंट के पास अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग के दौरान आग लग गई, जिससे पास की एक डेकोरेशन और गिफ्ट पैकिंग की दुकान जलकर पूरी तरह खाक हो गई। जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट में दिनेश और विष्णु नाम के युवक अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिल कर रहे थे। शाम करीब 7 बजे अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक और फिर दूसरे सिलेंडर में धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग और तेज आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और मिट्टी व पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद दमकल और पुलिस को सूचना दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पास की दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक कपिल खंडलेवाल ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा पूरा सामान जल गया। दुकान में दो बड़े और कई छोटे सिलेंडर भी रखे थे, हालांकि छोटे सिलेंडरों में आग नहीं लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल और पुलिस के पहुंचने से पहले दिनेश और रवि फटे हुए सिलेंडरों को वहां से हटाकर फरार हो गए। वहीं, खोह नागोरियान थाना प्रभारी ओम प्रकाश मातवा ने सिलेंडर ब्लास्ट की बात से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि आग डेकोरेशन शॉप में लगी थी और उसके कारणों की जांच की जा रही है। मौके से कोई सिलेंडर बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग कैसे लगी और अवैध गैस रिफिलिंग में कौन-कौन शामिल था।


