सोशल मीडिया पर गैंगस्टर स्टाइल में रील बनाकर पुलिस को खुली चुनौती देने का मामला सामने आया है। कुछ युवकों ने कार में बैठकर पंजाबी गायक मनकीरत औलख के गाने ‘जेलां विच्चो फोन औणगे…’ पर वीडियो तैयार किया, जिसमें वे अवैध पिस्टल लहराते नजर आ रहे हैं। रील में एसीपी वेस्ट सुमित सूद की एक वीडियो क्लिप को एडिट कर जोड़ा गया है। वीडियो में युवक हाथों में हथियार लेकर गैंगस्टर अंदाज में एक्टिंग करते दिखते हैं। साथ ही कोर्ट में पेशी के दौरान हथकड़ी लगाए आरोपियों की क्लिप भी शामिल की गई है। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हुआ है। इसे अब तक करीब 42 हजार लाइक मिल चुके हैं, जबकि 3,476 से अधिक लोग इसे शेयर कर चुके हैं। पुलिस का कहना है कि किसी अधिकारी की वीडियो क्लिप को एडिट करना और इस तरह की रील बनाना कानूनन अपराध है। ऐसे वीडियो बनाकर युवक गैंगस्टरवाद को बढ़ावा देने के साथ पुलिस को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई रील में 3-4 तस्वीरों में युवक अवैध पिस्टलों के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पेशी के बाद कोर्ट परिसर से बाहर आते दो युवकों की क्लिप भी है, जिनके साथ पुलिस कर्मचारी नजर आ रहे हैं। इसके बाद दो युवक कार में बैठकर गाना बजाते हुए गैंगस्टर स्टाइल में एक्शन करते दिखते हैं। पुलिस अब वीडियो के आधार पर जांच कर रही है कि युवकों के पास हथियार कहां से आए और क्या वे पहले से किसी आपराधिक मामले में नामजद हैं। आरोपियों की तलाश में हलका पूर्वी के कुछ इलाकों में रेड की गई, लेकिन फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। वीडियो इंस्टाग्राम आईडी Subhash_pKL और n4_nihal_ से सामने आया है। एसीपी सुमित सूद ने बताया कि वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। एसीपी सुमित सूद की वीडियो रील में लगाकर इंस्टाग्राम पर शेयर करते युवक।


