लुधियाना| स्पेशल सेल टीम ने अवैध हथियारों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव बूथगढ़ निवासी सरबजीत सिंह उर्फ साबी और कर्मसर कॉलोनी, सुभाष नगर बस्ती जोधेवाल निवासी मनोज कुमार उर्फ मैनू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी दीपकरन सिंह और स्पेशल सेल इंचार्ज हरप्रीत सिंह देहल ने बताया कि पुलिस को अवैध हथियार लेकर घूम रहे युवकों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर थाना मेहरबान क्षेत्र के कट पर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान दोनों आरोपियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32 बोर की एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और किसी वारदात में इस्तेमाल तो नहीं होने थे।


