राजनांदगांव में सीएमएचओ ने गैर-लाइसेंसी क्लीनिकों पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित सात क्लीनिकों में छापेमारी की। सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरत्न के नेतृत्व में जिला नोडल अधिकारी और औषधि निरीक्षक की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने नया बस स्टैंड के पास स्थित आरोग्यम सुपर स्पेशलिटी क्लीनिक की जांच की। इसके अलावा मोतीपुर आजाद चौक में मां परमेश्वरी दवाखाना, बसंतपुर में शर्मा क्लीनिक, आस्था क्लीनिक, आशीर्वाद डेंटल क्लीनिक और डॉ. विशाल गंगवानी होम्योपैथिक क्लीनिक की जांच की गई। क्लीनिकों में दस्तावेज नहीं मिलने पर हुई कार्रवाई जांच के दौरान इन क्लीनिकों में नर्सिंग होम एक्ट के तहत आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। टीम ने सभी क्लीनिक संचालकों को जरूरी दस्तावेज जमा करने का नोटिस जारी किया है। निर्धारित समय में दस्तावेज जमा न करने पर छत्तीसगढ़ नर्सिंग होम एक्ट के तहत इन क्लीनिकों को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से शहर के अवैध नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन क्लीनिकों में मनमाने तरीके से कार्य किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।


