अवैध रूप से बिछी बिजली लाइन हटाई:आरसीपी कॉलोनी में बिजली चोरी की शिकायत पर हुई कार्रवाई

जंक्शन में आरसीपी कॉलोनी में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के लिए बने सरकारी आवासों में अवैध रूप से कब्जा कर रह रहे लोगों की ओर से बिजली चोरी करने की शिकायत के बाद हरकत में आए जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बिछी विद्युत तारें हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान सरकारी आवासों में मिले लोगों को भविष्य में विद्युत चोरी करते पाए जाने पर मुकदमा दर्ज करवाने की चेतावनी दी गई। जोधपुर डिस्कॉम के सहायक अभियंता सतर्कता पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि सर्किल ऑफिस से जानकारी मिली कि जंक्शन में आरसीपी कॉलोनी में बने सिंचाई विभाग के क्वार्टरों में अवैध रूप से कब्जा कर रह रहे लोग बिना किसी वैध कनेक्शन के बिजली आपूर्ति का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद सहायक अभियंता सतर्कता की टीम व एफआरटी के कर्मचारियों ने विद्युत थाना के जाब्ता के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शन काटे गए। टीम की ओर से 8 से 10 क्वार्टर ऐसे चिह्नित किए गए, जिनके विद्युत मीटर नहीं लगे हुए थे। कई क्वार्टरों पर ताले लगे हुए मिले। मुख्य रूप से वीसीआर भरने की कार्रवाई तो पूर्णतया नहीं की जा सकी क्योंकि उनकी पहचान नहीं कर पाए हैं, लेकिन अवैध रूप से जितनी भी विद्युत तारें क्षेत्र में बिछी हुई हैं उन सभी तारों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। अगर भविष्य में भी विद्युत चोरी की जाती है तो वीसीआर भरकर मुकदमा दर्ज करवाकर आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे आईजीएनपी कॉलोनी के कर्मचारियों ने टीम को बताया कि कुछ ने दो माह तो किसी ने एक साल से क्वार्टरों पर कब्जा कर रखा है और अवैध कनेक्शन लेकर बिजली का उपभोग किया जा रहा है। बिना वैध कनेक्शन के बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *