भास्कर न्यूज | धमतरी अवैध रेत करने पर कलेक्टर को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। लेकिन खनिज विभाग खुलेआम धज्जियां उड़ा रही है। करेली बड़ी के आश्रित खट्टी में रेत माफिया खुलेआम महानदी से रेत निकाल रहे हैं। खट्टी एनीकट से महज 100 मीटर दूर चैन माउंटेन मशीन और हाइवा वाहनों से रेत की चोरी हो रही है। इस खदान को सरकार से कोई स्वीकृति नहीं मिली है। रविवार सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनपद सदस्य देवेंद्र पॉल, उपसरपंच तोरण आनेश्वरी, ग्रामीण सचिव यादराम निषाद, ईश्वर साहू, दौलत निषाद, मनबोधन साहू समेत कई ग्रामीणों ने रेत चोरी का विरोध किया। ग्रामीणों ने मशीन और वाहनों को घेर लिया। आरोप है कि लगभग 6 घंटे तक विरोध के बाद भी न तो खनिज निरीक्षक पहुंचे, न ही खनिज अधिकारी। अधिकारी ने मोबाइल तक बंद कर लिया। तहसीलदार मौके पर पहुंचे ग्रामीणों का विरोध बढ़ता देख तहसीलदार और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे, लेकिन सिर्फ पंचनामा बनाकर लौट गए। न तो प्रकरण बना, न ही वाहन जब्त किए गए। शाम को जैसे ही ग्रामीण लौटे, चैन माउंटेन मशीन फिर से चलने लगी। ग्रामीणों ने बताया कि खदान को स्वीकृति नहीं मिली है। इस संबंध में पक्ष लेने खनिज अधिकारी हीरादास भरद्वाज से संपर्क किया, लेकिन नंबर बंद था।


