सिंगरौली जिले में बुधवार को अवैध रेत और राखड़ के परिवहन के खिलाफ परिवहन विभाग ने सघन अभियान चलाया। जिला कलेक्टर गौरव बैनल के आदेश और आरटीओ के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों के आधार पर सराई थाना से निगरी चौकी तक के मार्ग को हाई अलर्ट जोन घोषित किया गया था। भसेड़ी-जमगढ़ी क्षेत्र से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की सूचनाओं के बाद बुधवार को दिनभर विशेष निगरानी रखी गई। जांच में बिना वैध टीपी, एक ही टीपी का बार-बार उपयोग, ओवरलोडिंग और बिना तिरपाल खुले में सामग्री परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। वाहनों के दस्तावेज जांचे, ओवरलोड पर चालान अभियान के दौरान वाहनों के टीपी, पीयूसी, बीमा और परमिट जैसे दस्तावेजों की सघन जांच की गई। ओवरलोड पाए गए वाहनों पर नियमानुसार चालान बनाए गए और दंडात्मक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, प्रदूषण नियंत्रण मानकों (एनजीटी) के पालन की भी जांच की गई। शासकीय कार्य में असहयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मुड़वानी से निगरी तक विशेष निगरानी, ₹11.30 लाख वसूले बुधवार को मुड़वानी से झूराई नाला, परसौना चौकी से तीनगुड़ी चौकी (बंधा-पचौर-उज्जैनी मार्ग) और सराई थाना से निगरी चौकी तक विशेष निगरानी रखी गई। इस कार्रवाई के दौरान लगभग ₹11.30 लाख का शासकीय राजस्व भी वसूला गया। प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


