हरगोबिंद नगर की एक विवाहिता ने पति और सास के खिलाफ मारपीट, दहेज प्रताड़ना, गर्भपात कराने की कोशिश और विवाह से पहले प्रेम-प्रसंग छुपाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। डिवीजन नंबर 3 थाना पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। उसका विवाह 10 दिसंबर 2024 को चेतन मेहता नामक युवक से हुआ था, जो हरगोबिंद नगर का निवासी है। शादी से पहले परिवार को बताया गया था कि चेतन की आय एक लाख प्रतिमाह है। शादी में 5 लाख रुपये नकद और 1.5 लाख रुपये का फर्नीचर दहेज के रूप में दिया गया था। पीड़िता के मुताबिक शादी के दो दिन बाद ही सास नीलम मेहता ने ताने मारने शुरू कर दिए। जब महिला ने यह सब पति को बताया तो उसने भी मां का साथ देते हुए विरोध किया। पति के फोन में प्रेम संबंध के सबूत देखे बहस के दौरान चेतन ने गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद महिला ने पति के मोबाइल में किसी अन्य लड़की से प्रेम संबंध के सबूत देखे। विरोध करने पर उसे ही बदनाम किया गया और चुप रहने का दबाव बनाया गया। महिला ने दावा किया कि जब वह गर्भवती हुई तो चेतन ने जबरन पपीता खिलाकर गर्भ गिराने की कोशिश की। परेशान होकर वह अपने मायके पश्चिम बंगाल लौट गई। थाना डिवीजन- 3 से जांच अधिकारी सतनाम सिंह ने बताया कि महिला के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच होगी।