राजनांदगांव| खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम कट्टापार में एक बेटे ने अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या की वजह पिता का पत्नी से अवैध संबंध सामने आया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की जमकर पिटाई की है। जिसे गंभीर स्थिति में हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। खड़गांव पुलिस ने बताया कि मामला शनिवार रात करीब 10 बजे का है। आरोपी अरुण कुमार नरोटी (41 वर्ष) ने अपने खेत में अपने पिता परदेशी राम नुरेटी (62 वर्ष) की बांस के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिवार के दूसरे सदस्यों को जब इसकी जानकारी मिली तो वे खेत में पहुंचे। जहां परदेशी राम की लाश पड़ी थी, वहीं कुछ दूर पर आरोपी की पत्नी मेहरो बाई भी बेसुध पड़ी हुई है। आरोपी के भाई ने रात में ही घटना की सूचना खड़गांव पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में सामने आया कि घटना वाली रात आरोपी अरुण कुमार ने अपने पिता और पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इससे आक्रोशित होकर उसने दोनों की हत्या करने डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसमें पिता परदेशी राम की मौत हो गई। वहीं पत्नी मेहरो बाई गंभीर रूप से घायल है।


