अशोकनगर में मंगलवार को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई कक्ष में आवेदकों की समस्याओं को सुना गया। कलेक्टर साकेत मालवीय ने सभी लोगों के आवेदन लिए। इस बार जनसुनवाई के तरीके में बदलाव किया गया। कलेक्टर ने जिले के सभी अनुभागों के एसडीएम, तहसीलों के तहसीलदार, जनपद सीईओ और सीएमओ को गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जोड़ा। जिस क्षेत्र का आवेदक था, उसकी समस्या सुनकर संबंधित अधिकारी को ऑनलाइन ही निराकरण के निर्देश दिए गए। सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली इस जनसुनवाई में कुल 132 आवेदक पहुंचे। कलेक्ट्रेट में भी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस जनसुनवाई में पांड़री गांव का एक युवक अपनी समस्या बताने के लिए लगभग 60 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचा। उसके साथ दो अन्य साथी भी थे। युवक ने अपनी मांगों का एक आवेदन कलेक्टर को सौंपा। युवक ने अपनी मांगों में बरखेड़ा गोंड महाराज से ग्राम पांड़री होते हुए अचलगढ़ तक और पांड़री से सिलवारा तक पक्की सड़क निर्माण की मांग की। इसके अतिरिक्त, उसने पांड़री गांव की बंद पड़ी पीएचई नल-जल योजना को फिर से चालू करने का अनुरोध किया। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अर्सेन पांड़री ग्राम पंचायत में सैकड़ों आवारा मवेशियों के लिए गौशाला निर्माण, पांड़री के युवाओं के लिए खेल मैदान, स्कूल के बच्चों के लिए पानी की व्यवस्था हेतु हैंडपंप लगवाने, मरघट शाला की बाउंड्री वॉल और अर्सेन 11 KV कनेक्शन से पांड़री गांव को बिजली कनेक्शन से जोड़ने की मांग भी की गई।


