अशोकनगर में करंट से युवक की मौत:परिजनों का आरोप- ठेकेदार ने अवैध कनेक्शन जोड़ने खंभे पर चढ़ाया था

अशोकनगर की त्रिलोकपुरी कॉलोनी में 35 वर्षीय राजेश अहिरवार की करंट लगने से मौत हो गई। वह बिजली के खंभे पर कनेक्शन जोड़ रहा था, तभी उसे करंट लगा और वह नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना विद्युत ठेकेदार के बड़े के पास स्वामी मैरिज गार्डन के समीप हुई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि राजेश विद्युत ठेकेदार शिवकुमार रघुवंशी के यहां ड्राइवर का काम करता था। ठेकेदार की पर्सनल गाड़ी चलाता था। गुरुवार को ठेकेदार ने उसे बिजली के खंभे पर अवैध कनेक्शन जोड़ने के लिए चढ़ाया था। परिजनों का यह भी आरोप है कि जब राजेश को करंट लगा और वह नीचे गिरा, तब शिवकुमार और उसके कुछ साथी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे तुरंत वहां से भाग गए और उसे अस्पताल नहीं ले गए। मोहल्ले के कुछ लोगों ने एक टैक्सी से राजेश को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी तुरंत नहीं दी गई। कुछ देर बाद जब मोहल्ले के लोगों ने राजेश को करंट लगने की बात बताई, तब उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को घटना का पता चला। बिजली ठेकेदार पर मामला दर्ज हो घटना के बाद शाम को बड़ी संख्या में परिजन और रिश्तेदार मौके पर जमा हो गए। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान सहित पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचा। परिजनों ने विद्युत ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राजेश को गाड़ी चलाने के लिए रखा गया था, तो उसे खंभे पर क्यों चढ़ाया गया। मृतक के शव को शाम को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है। राजेश मूल रूप से ईसागढ़ क्षेत्र के मानक चौक गांव का निवासी था। वह पिछले तीन-चार सालों से अपने परिवार के साथ अशोकनगर की त्रिलोकपुरी कॉलोनी में रह रहा था और उसी समय से विद्युत ठेकेदार के यहां गाड़ी चलाता था। उसके दो बेटे और एक बेटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *