अशोकनगर में लव मैरिज की तो रिश्तेदारों पर हमला:युवती पक्ष ने लाठी-कुल्हाड़ी से मारपीट कर घर, बाइक और बाउंड्री तोड़ी; 12 पर FIR

अशोकनगर के मुंगावली थाना क्षेत्र के महोली गांव में एक युवक और युवती ने भागकर शादी कर ली। इसी बात से नाराज युवती के परिजनों ने युवक के रिश्तेदारों पर हमला कर दिया, मारपीट की और उनकी बाइक व घर की बाउंड्री तोड़ दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को थाने ले आई। सेमरखेड़ी निवासी फरियादी ऊदल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके रिश्तेदार का बेटा महोली गांव की एक लड़की को भगा ले गया और उससे शादी कर ली। ऊदल, कमरसाहब यादव और गोविंद यादव महोली गांव में रिश्तेदार बिजेंद्र के घर की रखवाली और पशुओं की देखभाल के लिए गए थे। लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया
शनिवार को रामवीर दांगी, शिवेंद्र दांगी और रामराज दांगी वहां आए और पूछने लगे कि वे वहां क्यों आए हैं। जब उन्होंने बताया कि वे अपने रिश्तेदारों के जानवरों को लेने आए हैं, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। शिवेंद्र ने कुल्हाड़ी मारी, जबकि रामवीर और रामराज दांगी ने लाठी से कमरसाहब यादव को पीटा। इसके बाद हमलावरों ने अपने गांव में फोन किया, जिससे तीन-चार लोग और आ गए। वे घर के अंदर घुस आए और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया, साथ ही ईंट-पत्थर भी फेंकने लगे। तीन-चार अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर आए, जिन्होंने ट्रैक्टर से मकान का मुख्य गेट और दीवार तोड़ दी। बाइकों में भी तोड़फोड़, धमकी दी
हमलावरों ने ऊदल को पीटना शुरू कर दिया। जब गोविंद सिंह बचाने दौड़े, तो ट्रैक्टर से उतरे एक व्यक्ति ने उन्हें डंडे से मारा। घर के अंदर रखी तीन मोटरसाइकिलों में भी ट्रैक्टर से तोड़फोड़ की गई। रामवीर दांगी, शिवेंद्र दांगी, हरीसिंह दांगी और रामराज दांगी ने पीड़ितों को धमकी भी दी। मुंगावली थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछुवाह ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं और उन्होंने शादी कर ली है। लड़की ने अपने परिवार वालों को शादी के कागजात भी भेज दिए हैं। उन्होंने आगे बताया कि लड़के के परिवार के लोग उनकी तलाश में कहीं गए थे, जबकि लड़के के घर पर उसके रिश्तेदार मौजूद थे, जिन पर लड़की वालों ने हमला कर दिया। चार नामजद व 8 अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *