अशोकनगर में शनिवार दोपहर एक स्कूल बस सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 5 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने सभी बच्चों को बस से बाहर निकाला। घायल बच्चों को पिपरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसा पिपरई के मुड़रा कला गांव के पास हुआ। यहां पिपरई के तक्षशिला विद्यालय की बस शनिवार दोपहर 2 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद आसपास के गांव के बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी। इस बस में मूड़रा कला, खैराई, आरोली कुकरेटा, बक्सनपुर, रतवास व बेलई गांव के बच्चे थे। 5 बच्चे घायल, 1 गंभीर इस हादसे में 5 बच्चे घायल हुए हैं। वहीं कक्षा 12वीं की छात्रा निकिता यादव निवासी रतवास को गंभीर चोट आई है, जिसे पिपरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य बच्चों का पिपरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। हालांकि कुछ बच्चों को मामूली चोट लगी हैं, जिन्हें उनके परिवार वाले अपने साथ घर ले गए। ये हुए घायल 1. निकिता पुत्री अंकित यादव निवासी रतवास
2. साक्षी पुत्री विनोद रजक निवासी मूडरा कला
3. विवेक पुत्र चंद्रपाल यादव निवासी मूडरा कला
4. देवपुत्र राजपाल अहिरवार निवासी मूडर कला
5. कीर्ति पुत्री डालचंद कुशवाह निवासी मूडरा कला 45 सीटर बस में सवार थे 80 बच्चे ग्रामीणों ने बताया कि बस ओवरलोड थी। 45 सीटर बस में करीब 80 बच्चे सवार थे। साथ ही ड्राइवर शराब के नशे में तेज और लापरवाही से बस चला रहा था। बस में ग्रामीणों को एक शराब की खाली बोतल भी मिली है। उन्होंने इससे पहले भी स्कूल में इस बात की शिकायत की थी कि बस का चालक बस को तेजी और लापरवाही से चलता है, लेकिन इसके बावजूद भी चालक बस को लापरवाही पूर्वक चलाता रहा।


