अशोकनगर जिले के ईंदौर गांव में हुई 3 चोरियों का पुलिस ने शुक्रवार शाम खुलासा किया है। कदवाया पुलिस ने 108 जननी वाहन के एक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है, जिस पर बाहर से पारदी गिरोह बुलाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिलवाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 23-24 दिसंबर 2025 की रात एक प्लेटिना बाइक चोरी हुई थी। इसके बाद 24-25 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात ग्राम ईदौर में तीन घरों में चोरी की वारदातें हुईं। फरियादी श्यामलाल साहु और अमित यादव ने थाना कदवाया में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। गुना में पारदियों से पहचान हुई थी
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर छोटी मोचार निवासी वीरेंद्र परिहार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में वीरेंद्र ने कई खुलासे किए। वह वर्तमान में 108 जननी वाहन का ड्राइवर है और पहले गुना जिले में भी यह वाहन चला चुका है। इसी दौरान उसका संपर्क बिलाखेड़ी निवासी मुरारी उर्फ राम पारदी से हुआ था। आरोपी वीरेंद्र ने बताया कि उसने 108 वाहन का फर्जी इवेंट बनाया और मुरारी पारदी तथा उसके दो साथियों को एम्बुलेंस से ग्राम ईदौर पहुंचाया। वहां उसने चोरी के लिए घरों की रेकी करवाई। वापसी के दौरान एक प्लेटिना बाइक भी चोरी की गई। 24 दिसंबर की रात तीनों आरोपियों ने गांव के कई घरों में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुराई। चोरी के माल में से वीरेंद्र को चांदी की पायल और दो चांदी के सिक्के मिले। शेष राशि 27 दिसंबर को फोन-पे के जरिए उसके खाते में ट्रांसफर की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का सामान जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। 108 वाहन के दुरुपयोग के संबंध में भी जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी मनीष यादव ने यह कार्रवाई की।


