भास्कर न्यूज | जालंधर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर एक 14 साल की बच्ची से रेप करने का मामला सामने आया है। थाना रामामंडी पुलिस ने लम्मा पिंड के चक्क हुसैना के रहने वाले तरुण के खिलाफ रेप, जान से मारने की धमकी व पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी पहले ही अमन शांति भंग करने के केस में जेल में है। उसे पीड़िता की फैमिली की शिकायत पर जेल भेजा गया था। पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट लेकर आ रही है। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी 2 महीने से बेटी चुप और डरी थी। पहले बेटी ने कुछ नहीं बताया, लेकिन पता चला था कि तरुण ने कोई हरकत की है। इस बात को लेकर तरुण से विवाद हो गया था तो उसके खिलाफ शिकायत कर दी थी। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। मां ने कहा- अब बेटी ने बताया कि दो महीने पहले तरुण उसे अपने घर ले गया था। उसके साथ रेप कर उसके फोटो खींच लिए थे। उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी और कहा था कि अगर रेप वाली बात किसी को बताई तो वह उसी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।


