अस्त-व्यस्त लगे दुकानों पर कार्रवाई:संडे बाजार – दुकानें अब मौदहापारा मस्जिद से लेकर थाने तक ही लगेगी, समय भी सुबह 11 बजे तक

पिछले 15 साल में बेतरतीब फैल चुका मौदहापारा का संडे मार्केट अब सीमित हो गया है। आगामी रविवार को मौदहापारा मस्जिद से लेकर थाने तक सड़क के दोनों ओर ही दुकानें लगेंगी। हर फेरीवाला सिर्फ 2 टेबल में ही अपना समान लगाकर बिक्री करेगा। यही नहीं दुकानें सिर्फ सुबह 10 बजे तक ही लगेंगी, जिसके बाद सामान समेटना होगा। रविवार को संडे बाजार को व्यवस्थित करने निगम की टीम प्रहरी और पुलिस सुबह 7 बजे सड़क पर उतर गई। टीम ने सड़क पर लगे 20 ठेले व 10 टेबल सहित सामान जब्त किया गया। टीम की कार्रवाई का असर यह रहा कि बाजार तेजी से सिमट गया। पहले संडे बाजार के दौरान मौदहापारा मुख्य मार्ग पर सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक जाम की स्थिति रहती थी, लेकिन इस रविवार सुबह 11 बजे तक बाजार पूरी तरह खाली हो गया। अस्थाई मार्केट के चलते सड़कों में जाम ना लगे, इसके लिए निगम ने कई नियम बनाए हैं, जो अगले रविवार से लागू होगा। दरअसल, 18 फरवरी को निगम के एमआईसी मेंबर मनोज वर्मा की अध्यक्षता में संडे मार्केट को व्यवस्थित रखने बैठक हुई थी। 15 साल में जयस्तंभ चौक से लेकर फाफाडीह चौक तक बढ़ गया मार्केट
शुरुआती दिनों में मौदहापारा मस्जिद के पास की ही सड़कों पर रविवार को दुकानें लगती थी। समय के साथ यह बाजार फैलता चला गया। मौदहापारा के केके रोड से एमजी रोड, थाने के पीछे गली, सुंदरानी गली, गुजराती स्कूल मार्ग, जयस्तंभ चौक स्थित एसबीआई बैंक और फाफाडीह चौक के पहले तक यह बाजार फैल गया। इससे रविवार सुबह 5 से लेकर शाम 5 बजे तक इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी होती थी। कई बार रंगदारी और दुकानों को लेकर विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई है। सड़क में सुगम यातायात बना रहे और बाजार भी व्यवस्थित रहे, इसलिए निगम ने संडे बाजार को लेकर कुछ नियम बनाए हैं, जिसे लागू कर दिया गया है। इसी के तहत रविवार को निगम की टीम सड़क पर उतरी और कार्रवाई की गई। जानिए अब इन नियमों के तहत लगेगा संडे मार्केट- मौदहापारा मस्जिद से लेकर थाने तक सड़क के दोनों ओर ही दुकानें लगेंगी।
हर फेरीवाला सिर्फ 2 टेबल में ही अपना समान लगाकर बिक्री करेगा।
यहां दुकानें सिर्फ सुबह 10 बजे तक ही लगेंगी, जिसके बाद समेटना होगा।
मौदहापारा और रायपुर के लोकल फेरीवालों को ही यहां दुकान लगाने की अनुमति।
लोकल आधार कार्ड से वेरिफिकेशन कर निगम देगा परिचय पत्र, ताकि दुकानदारों का रहे डेटा बेस।
बाहर के शहरों से आकर दुकान लगाने वालों पर सख्ती।
स्थायी दुकानदारों द्वारा सड़क पर दुकान लगाने पर सख्त कार्रवाई।
अव्यवस्थित बाजार से आमजन परेशान
समय के साथ-साथ संडे बाजार अव्यवस्थित हो गया था। मौदहापारा मार्ग के बाद यह फाफाडीह, एमजी रोड, सुंदरानी गली तक फैल गया। सुबह से शाम 4 बजे तक यहां से गुजरने वाले लोग परेशान रहते थे। इसलिए नया सिस्टम लागू किया गया है।
– मनोज वर्मा, एमआईसी मेंबर कार्रवाई ठीक, लेकिन समय बढ़ाएं
निगम की कार्रवाई सही है। पहले मस्जिद से थाने तक लगती थी। बाद में फैलती चली गई। हालांकि समय को दोपहर 12 बजे तक बढ़ाना चाहिए। साथ ही बाजार की लंबाई गोशाला तक करनी चाहिए, जिससे सभी दुकानदारों को स्थान मिल सके। – शेख मुशीर, पार्षद, हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *