नगरपरिषद द्वारा सिणधरी चौराहे पर स्थित सीवरेज नाले की समय समय पर सफाई नहीं करवाई जा रही है। शहर का सारा गंदा पानी इसी नाले से होकर आगे जाता है, लेकिन नगरपरिषद ने इस नाले को सीमेंट के ब्लॉक से ढक दिया है। इस कारण इस नाले की समय पर सफाई नहीं हो रही है। सफाई के अभाव में आए दिन नाला ओवरफ्लो हो जाता है। बाड़मेर | पंचायत समिति चौहटन स्थित धनाऊ तहसील के मण्डासर के नेहरों की ढाणी में बनाई गई जीएलआर पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इस जीएलआर की न तो अधिकारियों द्वारा कोई सुध ली जा रही है और न ही ग्राम पंचायत इस संबंध में कोई कदम उठा रही है। इस कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। नेहरों की ढाणी में बनाई गई जीएलआर पूरी तरह से जर्जर है। जीएलआर में लगे लोहे के सरिए भी बाहर आने लगे हैं। स्थिति यह है कि यह जीएलआर कभी भी भरभराकर गिर सकती है। जीएलआर की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार जिला प्रशासन से मांग की है। लेकिन आज दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जीएलआर के पास हर समय छोटे छोटे बच्चे खेलते रहते हैं। जिसके कारण परिजनों में भी चिंता बनी हुई है। बाड़मेर| अस्पताल में आने वाले बुजुर्ग महिला, पुरुषों के साथ साथ गर्भवती महिलाओं के लिए व्हील चेयर की सुविधा की गई है। अस्पताल ने व्हील चेयर देकर मरीजों और बुजुर्गों को राहत तो पहुंचा दी। लेकिन अस्पताल परिसर में सड़कों के हालात बदतर हो रखे हैं। व्हील चेयर पर चलने वाले मरीजों और बुजुर्गों की परेशानी और बढ़ जाती है। सड़कों पर बने गड्ढों में व्हील चेयर के टायर फंस जाने के कारण कई बार परिजन खुद टायर को बाहर निकालने की जद्दोजहद करते हुए नजर आते हैं। अस्पताल प्रशासन तो व्हील चेयर देकर सरोकार की बात कर रहा है, लेकिन व्हील चेयर को जिस मार्ग पर चलाना है वही क्षतिग्रस्त होने के कारण आमजन को और परेशानी उठानी पड़ रही है। बाड़मेर | शहर के सिणधरी चौराहे पर सीवरेज नाले के आए दिन ओवरफ्लो होने के कारण राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवरेज नाले के ओवरफ्लो होने के कारण पूरी सड़क पर गंदा पानी फैल जाता है। इस कारण पैदल चलना तो दूर वाहन का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार नगरपरिषद और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित किया है, लेकिन आज दिन तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय दुकानदार विकास खत्री ने बताया कि जैसलमेर रोड से निकलने वाले पुल के नीचे सिणधरी चौराहे पर बना सीवरेज का नाला आए दिन गंदगी से ओवरफ्लो हो जाता है। नाला चोक होने के कारण सारा गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। नाला ओवरफ्लो होने के कारण यहां से हर समय निकलने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। थ्री व्हीलर और बाइक सवार लोगों को गंदे पानी से निकलने के दौरान परेशानी भी उठानी पड़ती है। नाला ओवरफ्लो की समस्या को लेकर कई बार स्थानीय लोगों द्वारा नगरपरिषद के अधिकारियों को सूचित किया गया है, लेकिन आज दिन तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला गया है।


