अस्मिता लीग में अव्यवस्था, दो बच्चियों की तबीयत बिगड़ी:अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 3 घंटे देरी से शुरू हुई प्रतियोगिता

करौली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित अस्मिता लीग प्रतियोगिता अव्यवस्थाओं के कारण विवादों में घिर गई। निर्धारित समय से लगभग तीन घंटे देरी से शुरू हुई इस प्रतियोगिता के दौरान तेज धूप में दौड़ने से दो बालिकाओं की तबीयत बिगड़ गई। यह प्रतियोगिता करौली के मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के खेलो इंडिया और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना था।
प्रतियोगिता का निर्धारित समय सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक था। हालांकि, प्रतिभागियों को सुबह ही मैदान में बुला लिया गया था, लेकिन पंजीकरण प्रक्रिया में देरी के कारण कार्यक्रम लगभग 10:30 बजे शुरू हो सका। इस दौरान बड़ी संख्या में बालिकाएं मैदान में इंतजार करती रहीं। कार्यक्रम में देरी के चलते बालिकाओं को तेज धूप और गर्मी के बीच दौड़ लगानी पड़ी। दौड़ के दौरान दो बालिकाओं की तबीयत खराब हो गई, जिन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों ने आयोजन में कुप्रबंधन, भोजन-पानी की कमी और आयु वर्ग में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना था कि लंबे इंतजार के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलीं और कुछ प्रतिभागियों को गलत आयु वर्ग में शामिल किया गया, जिससे प्रतियोगिता की निष्पक्षता पर सवाल उठे। इस संबंध में शरद त्रिपाठी और जिला खेल अधिकारी रमेश चंद गुप्ता ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया में अधिक समय लगने के कारण कार्यक्रम शुरू होने में देरी हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *