कोंडागांव| जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं दो दिवसीय धरना प्रदर्शन पर बैठीं हैं। अपनी बुनियादी मांगों को लेकर उन्होंने सरकार पर दबाव बनाते हुए जिला मुख्यालय में नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वर्षों से वे कम मानदेय, अतिरिक्त कार्यभार और अस्थायी दर्जे के साथ काम कर रही हैं, जबकि जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। धरने में शामिल कार्यकर्ताओं ने बताया कि पोषण ट्रैकिंग, सर्वे, टीकाकरण सहयोग, मतदाता जागरूकता, जनगणना जैसे कार्य भी उनसे लिए जाते हैं, लेकिन मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई। उनका आरोप है कि महंगाई के दौर में वर्तमान मानदेय से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं प्रमुख मांगों में मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, शासकीय कर्मचारी का दर्जा, सेवानिवृत्ति पर पेंशन/ग्रेच्युटी की व्यवस्था, अतिरिक्त कार्यों के लिए अलग से पारिश्रमिक और समय पर मानदेय भुगतान देने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन अनिश्चित काल के लिए चलाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कई आंगनबाड़ी केंद्रों का कामकाज प्रभावित रहा।


