आंधी से खेत में गिरा ट्रांसफार्मर ठीक करने के बदले लाइनमैन ने ली 15 हजार रिश्वत , गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | अमृतसर विजिलेंस ब्यूरो ने तरनतारन जिले के थाना सरहाली कलां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ काबू किया है। विजिलेंस ब्यूरों के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ​की गिरफ्तारी गांव सरहाली के एक व्यक्ति की ओर से दर्ज करवाई शिकायत के बाद की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके खिलाफ उक्त थाना में एक केस दर्ज है और केस में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के उपरांत उक्त जांच अधिकारी एएसआई ने केस की जांच में शामिल होने संबंधी 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की प्राथमिक जांच के उपरांत विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर उक्त एएसआई को 2 सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया। इस संबंधी आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना, अमृतसर रेंज में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को कल अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले की आगे जांच जारी है। अमृतसर| विजिलेंस ब्यूरो ने जिले के सब-डिवीजन जस्तारवाल में तैनात पीएसपीसीएल के लाइनमैन हरदीप सिंह को 15 हजार रुपए की रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को तहसील लोपोके के गांव मुबारा के शख्स की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर काबू किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हाल ही में आंधी से उसके खेतों में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर गिर गया था और इसे ठीक करने के बदले में उक्त लाइनमैन ने 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। कॉल रिकॉर्डिंग, यूपीआई लेन-देन के स्क्रीनशॉट, बैंक स्टेटमेंट और वॉइस संदेशों सहित दिए गए सबूतों से यह बात सामने आई है कि उक्त आरोपी ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी और रकम प्राप्त भी कर ली थी। शिकायत की पड़ताल से पता चला कि आरोपी लाइनमैन ने पहली किस्त के तौर पर 5 हजार रुपए नकद लिए थे। इसके बाद गूगल पे के माध्यम से 10 हजार रुपए लिए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *