भास्कर न्यूज | बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव में शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या करने के बाद आरोपी ने आंगनबाड़ी केंद्र में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों और सहायिका को कमरे से बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर चाकू से हमला किया। घटना के बाद आरोपी ने केंद्र के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान युगेश्वरी देवांगन के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान गांव के ही लखन लाल देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में महिला से जुड़े दुष्कर्म के मामले में सजा काट चुका था और करीब एक माह पहले ही जेल से रिहा होकर लौटा था। घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


