भास्कर न्यूज | गढ़वा आईडीएफसी बैंक शाखा गढ़वा की ओर से आज गुरुवार को गोपीनाथ सिंह महिला महाविद्यालय में कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के बीच वित्तीय सहायता के रूप में बीस छात्राओं के बीच चेक वितरण किया गया। इस अवसर पर पांच पांच हजार रुपए के चेक उन छात्राओं को प्रदान किए गए। जो अपनी शिक्षा जारी रखने में वित्तीय कठिनाइयों का सामना कर रही थीं। कार्यक्रम में बैंक के शाखा प्रबंधक रोशन सिंह के साथ उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा से ही आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होता है। बैंक का यह प्रयास छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी आर्थिक समस्याओं को कम करने के उद्देश्य से किया गया है। उपस्थित छात्राओं को महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संयुक्त कुमारी सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि छात्राओं को शिक्षा के प्रति हमेशा जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आईडीएफसी बैंक की सामाजिक जिम्मेदारी को निभाने और समाज के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करने की प्रतिबद्धता हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण और छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने आईडीएफसी बैंक की इस पहल की सराहना की और इसे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान बताया।


