जयपुर में आईपीएल को लेकर ऊहापोह की स्थिति खत्म हो चुकी है। अब यह लगभग तय हो चुका है कि राजस्थान रॉयल्स के मैच जयपुर में होंगे। जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा भी हो जाएगी। हां, जानकारी यह मिल रही है कि इस बार जयपुर को एक मैच कम मिलेगा यानी 4 ही आईपीएल मैच जयपुर में होंगे जबकि 3 मैच गुवाहाटी में कराए जाएंगे। इस बात का अंदेशा लगते ही जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। ग्राउंड्समैन बीसीसीआई के क्यूरेटर तापोष चटर्जी के कहने पर पूरी मुस्तैदी से ग्राउंड्स को तैयार करने में लग गए हैं। रॉयल्स मैनेजमेंट स्टेडियम की सुविधाओं और तैयारियों से खुश नहीं था और पुणे शिफ्ट होने पर विचार कर रहा था। लेकिन सरकारी दखल के बाद स्थितियां बदली हैं। सबसे बड़ा सवाल? आरसीए कराएगा या नहीं यहां सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या आईपीएल की मेजबानी में आरसीए की कोई भूमिका रहेगी। बीसीसीआई ने पिछली बार आईपीएल के दौरान कहा था कि अगली बार हमारी राज्य इकाई ही आईपीएल कराएगी, अगर ऐसा नहीं हुआ तो जयपुर में आईपीएल मैच नहीं होंगे। इस ई-मेल में यह भी लिखा था कि अंतिम बार है कि स्पोर्ट्स काउंसिल को जिम्मेदारी दी जा रही है। लेकिन जो परिस्थितियां बन रही हैं उसमें तो यही लग रहा है कि राजस्थान सरकार के दखल के बाद ही आईपीएल जयपुर में होने जा रहे हैं। इसमें आरसीए की शायद ही कोई भूमिका हो। आईपीएल के लिए एक कमेटी बनाई जा सकती है, संभवत: इस कमेटी में आरसीए से भी किसी को शामिल कर लिया जाए। 16 करोड़ से स्टेडियम में होगा सुधार
पीडब्ल्यूडी और एमएनआईटी ने स्टेडियम की सर्वे रिपोर्ट दी है। जो कमियां बताई गई हैं उन्हें आईपीएल से पहले ठीक कर लिया जाएगा। स्पोर्ट्स काउंसिल अध्यक्ष नीरज के. पवन ने कहा, ‘जो भी कमियां हैं उस पर काम शुरू हो गया है। 16 करोड़ रुपए खर्च आएगा। स्टेडियम आईपीएल तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा।’


