आईफा आयोजकों ने सीएम भजनलाल को दिया न्योता:माधुरी दीक्षित महिला दिवस पर करेंगी संवाद; नेहा कक्कड़ अल्बर्ट हॉल पर देंगी परफॉर्म

भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड समारोह IIFA 2025 का 25वां सिल्वर जुबली संस्करण जयपुर में 8-9 मार्च को आयोजित होगा। इस आयोजन में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशेष अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। इसके चलते आयोजकों ने मंगलवार को सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकात की और उन्हें आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। IIFA के संस्थापक आंद्रे टिमिन्स, विराफ सरकार और सब्बास जोसेफ ने भजनलाल शर्मा को IIFA की 25वीं वर्षगांठ की प्रेस कॉन्फ्रेंस और IIFA वीकेंड एवं अवॉर्ड्स में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। आंद्रे टिमिन्स ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा इस ऐतिहासिक आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे और भारतीय सिनेमा की इस शानदार यात्रा का हिस्सा बनेंगे। इस आयोजन की थीम सिल्वर इज द न्यू गोल्ड रखी गई है। जो IIFA के गौरवशाली 25 वर्षों का जश्न मनाएगी। जयपुर बनेगा बॉलीवुड सितारों का मेला IIFA 2025 का आयोजन राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और भव्यता के बीच होगा, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन जाएगा। भारतीय सिनेमा के बड़े सितारे, दिग्गज निर्माता-निर्देशक और संगीतकार इस रंगारंग समारोह में शिरकत करेंगे।
महिला सशक्तिकरण पर होगा खास सेशन इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकादमी (IIFA) अपने रजत जयंती समारोह के तहत जयपुर में 7 मार्च को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित ‘द जर्नी ऑफ वीमेन इन सिनेमा’ नामक एक खास संवाद सत्र होगा। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा माधुरी दीक्षित और ऑस्कर विजेता निर्माता गुनीत मोंगा एक साथ मंच साझा करेंगी। इस संवाद का संचालन IIFA की वाइस प्रेसिडेंट नूरीन खान करेंगी, जो अपने प्रभावशाली विचारों और सिनेमा जगत में बदलाव की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए जानी जाती हैं। यह विशेष आयोजन 7 मार्च को रात 8:30 बजे जयपुर के हयात रीजेंसी मानसरोवर में होगा। इसमें फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के योगदान, उनके संघर्ष, चुनौतियों और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। अल्बर्ट हॉल पर 7 मार्च को होगी नेहा कक्कड़ की परफॉर्मेंस आईफा अवॉर्ड्स की शुरुआत IIFA STOMP से होगी। 7 मार्च को जयपुर के प्रतिष्ठित अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में बॉलीवुड की पार्टी एंथम क्वीन नेहा कक्कड़ परफॉर्मेंस से मंच को रोशन करेंगी। अपनी चार्ट बस्टर हिट्स, एनर्जेटिक स्टेज प्रेजेंस और वैश्विक फैनबेस के लिए मशहूर नेहा कक्कड़ की यह लाइव परफॉर्मेंस IIFA 2025 के तहत की जा रही है। IIFA के सह-संस्थापक आंद्रे टिमिन्स ने कहा कि हम IIFA STOMP के साथ IIFA 2025 का जश्न शुरू करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। राजस्थान की खूबसूरत राजधानी में यह संगीत, नृत्य और ऊर्जा से भरपूर एक यादगार रात होगी। IIFA STOMP इस भव्य समारोह के लिए सही शुरुआत करेगा, और राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, जीवंतता और गर्मजोशी इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बनाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *