आगर मालवा में दो दिवसीय कार्यशाला, पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ:किसानों को उद्यानिकी फसलों की आधुनिक तकनीकों, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी

आगर मालवा में किसान कल्याण वर्ष-2026 के तहत दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला और पुष्प प्रदर्शनी का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। यह आयोजन नवीन कम्युनिटी हॉल में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर प्रीति यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, उज्जैन संभाग के संयुक्त संचालक उद्यान आशीष कुमार कनेश, भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामनारायण तेजरा और जिला मंत्री राघुसिंह मौजूद रहे। संयुक्त संचालक उद्यान आशीष कुमार कनेश ने किसानों को उद्यानिकी फसलों की आधुनिक तकनीकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यशाला में कई विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। कृषि वैज्ञानिक डीके तिवारी ने प्राकृतिक खेती पर, वरिष्ठ वैज्ञानिक आरपीएस शक्तावत ने संतरा उत्पादन की उन्नत तकनीकों पर और शाजापुर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक जीआर अंबावतिया ने औषधीय एवं सुगंधित फसलों की खेती पर जानकारी दी। डॉ. गायत्री रावल ने उद्यानिकी फसलों के मूल्य संवर्धन पर मार्गदर्शन दिया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने किसानों से उद्यानिकी फसलों की उन्नत तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। कलेक्टर प्रीति यादव ने फूलों की खेती को आय बढ़ाने का प्रभावी तरीका बताया और किसानों को इससे जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। रामनारायण तेजरा ने उद्यानिकी फसलों में नई तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम स्थल पर पुष्प प्रदर्शनी के अलावा सूक्ष्म ड्रिप सिंचाई, सब्जी, फल, मसाला, प्राकृतिक खेती और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना से संबंधित उत्पादों की सजीव प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस दौरान वर्ष 2025-26 के लिए एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए। यंत्रीकरण घटक के अंतर्गत सुसनेर विकासखंड के श्यामसुंदर पाटीदार को 20 बीएचपी ट्रैक्टर के लिए 2.25 लाख रुपए का अनुदान मिला। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत बड़ौद विकासखंड के ग्राम गिरोली निवासी अभिनव जैन को मिनी स्प्रिंकलर के लिए 1.90 लाख रुपए का अनुदान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में अनोखीलाल चौहान, प्रेमसिंह चौहान, सुरेंद्र यादव, अशोक झन्कारे, ललिता वर्मा, अरविंद परमार, धीरज गोयल, दिव्या शाह, अर्जुन यादव सहित उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *