आगर में बच्चा चोरी का शक, संदिग्ध महिला हिरासत में:लोगों ने पकड़ा, खिलौने जब्त; पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई

आगर मालवा जिले के सुसनेर शहर में बच्चा चोरी गिरोह के सक्रिय होने की अफवाहों के बीच शुक्रवार रात हड़कंप मच गया। कृषि उपज मंडी चौराहे पर स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात मंडी चौराहे के पास कुछ स्थानीय लोगों ने एक महिला को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। क्षेत्र में पहले से फैली बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण लोगों को आशंका हुई कि महिला किसी गिरोह से जुड़ी हो सकती है। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और महिला को घेर लिया। महिला को थाने ले जाया गया लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ से महिला को सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। खिलौने और अन्य सामान बरामद प्रारंभिक तलाशी में महिला के पास से कुछ खिलौने और अन्य सामान बरामद होने की बात सामने आई है, जिससे संदेह और गहरा गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी प्रकार की पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी देवनारायण यादव और थाना प्रभारी केशर राजपूत स्वयं महिला से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि महिला वास्तव में किसी गिरोह से संबंधित है या यह पूरा मामला केवल अफवाहों का परिणाम है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *