शहर में मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से काफी ऊपर दर्ज किया गया। यहां फरवरी में औसत अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री और न्यूनतम 10.3 डिग्री तय है। मंगलवार को दिन का पारा 31 और रात का 15.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बादलों की मौजूदगी के बावजूद अधिकतम पारा सामान्य से 3.1 और न्यूनतम 4.8 डिग्री अधिक रहा। तापमान में यह वृद्धि असामान्य मानी जा रही है। शहर में दिनभर बादल छाए रहे। सूरज बादलों की ओट में आता-जाता रहा। दोपहर में हल्की गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि शाम होते-होते मामूली ठंडक घुल गई। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री गिरावट पर रहा, जबकि न्यूनतम 2.8 डिग्री बढ़ गया। पिछले साल के मुकाबले इस बार रातें ज्यादा गर्म इस साल फरवरी में रातें ज्यादा गर्म रही हैं। फरवरी 2025 में सिर्फ 19 तारीख को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री पार (13.2) गया था। तब 4 फरवरी (10.4) को छोड़कर शुरुआती 15 दिन तक रात का पारा इकाई में ही था। इस बार यह 17 दिन से दहाई में ही है। आगे : दो दिन पारे में ज्यादा बदलाव नहीं
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी क्रम में भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार के लिए उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक तापमान में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। आंशिक बादल छाए रहने और हल्की वर्षा की स्थिति बन सकती है।


