भास्कर न्यूज | बेमेतरा महाशिवरात्रि पर रविवार को जिलेभर के शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और महा रुद्राभिषेक किया जाएगा। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिरों के पट खुलेंगे और श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। दिनभर ओम नमः शिवाय के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजायमान रहेगा। आचार्य शुभम दुबे ने बताया कि महाशिवरात्रि पर चार पहर अभिषेक का विशेष महत्व है। ब्रह्म मुहूर्त, दोपहर, प्रदोष काल, अर्धरात्रि में रुद्राभिषेक किया जाएगा। श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद, बिल्वपत्र, धतूरा, पुष्प और फल अर्पित करेंगे। विशेष रूप से सायंकाल 6 बजे प्रदोष काल में रुद्राभिषेक करने से मन:कामनाओं की पूर्ति होती है। इसी कारण शाम के समय मंदिरों में अधिक भीड़ रहने की संभावना है। वहीं नगर के कृष्णा विहार, अशोका विहार कॉलोनी, ब्राह्मणपारा, पीकरी, मोहभट्ठा, सिंघोरी और कोबिया स्थित शिवालयों में विशेष आयोजन किए गए हैं। मंदिर समितियों द्वारा एक दिन पूर्व से साफ-सफाई, रंग-रोगन और विद्युत झालरों से साज-सज्जा की गई है। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है। गांवों में लगेगा मेला, सजेंगे झूले ग्रामीण क्षेत्रों में भी महाशिवरात्रि को लेकर उत्साह बना हुआ है। ग्राम बहेरा, सोमनाथ, जोंग, भेड़नी, जुनी सरोवर, दही-मही, घोरेघाट और सरदा सहित कई गांवों में मेले का आयोजन होगा। समितियों ने सप्ताह भर पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। मेलों में पारंपरिक झूले, मनोरंजन के साधन और विभिन्न प्रकार की दुकानों की व्यवस्था रहेगी। ग्रामीण श्रद्धालु परिवार सहित भगवान के दर्शन कर मेले का आनंद लेंगे और आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करेंगे। इसकी तैयारी की जा चुकी है।


