आज से शुरू हुई 12वीं बोर्ड की परीक्षा:48 हजार से ज्यादा विद्यार्थी होंगे शामिल, नकल रोकने 29 उड़नदस्ता दल तैनात

छिंदवाड़ा: एमपी बोर्ड की हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाएं आज मंगलवार, 10 फरवरी से शुरू हो गई हैं। छिंदवाड़ा और पांढुर्ना जिलों में स्थापित 160 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की हलचल नजर आई। पहले दिन कक्षा 12वीं का अंग्रेजी प्रश्नपत्र आयोजित किया गया। परीक्षा के पहले दिन शहर के प्रमुख मार्गों, परीक्षा केंद्रों और मंदिरों में विद्यार्थियों की चहल-पहल दिखी। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सुबह भगवान के दर्शन कर परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हुए। इस वर्ष परीक्षा में छिंदवाड़ा जिले से कक्षा 10वीं के 22,120 और कक्षा 12वीं के 16,236 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि पांढुर्ना जिले से कक्षा 10वीं के 4,267 और कक्षा 12वीं के 3,728 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इस प्रकार दोनों जिलों को मिलाकर कक्षा 10वीं के 26,387 और कक्षा 12वीं के 19,964, कुल 48 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। नकल की किसी भी दुष्प्रवृत्ति और अनुचित साधनों के प्रयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला एवं विकासखंड स्तर पर कुल 29 उड़नदस्ता (निरीक्षण) दल गठित किए गए हैं। इन दलों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारी शामिल हैं, जो परीक्षा अवधि में लगातार केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल ने बताया कि प्रश्नपत्र सहित गोपनीय सामग्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। गोपनीय सामग्री थाना/चौकी से निकालते समय केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। इन्हीं की निगरानी में सामग्री को सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे। परीक्षा के पहले दिन जिला प्रशासन भी सक्रिय नजर आया। कलेक्टर हरेन्द्र नारायन, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार और मंडल परीक्षा जिला नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। सुबह से शहर के मंदिरों में विद्यार्थियों की भीड़ देखी गई। कई छात्र-छात्राएं परीक्षा से पहले आशीर्वाद लेने पहुंचे और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परीक्षा केंद्रों के बाहर भी अभिभावकों की मौजूदगी रही, जो बच्चों के लिए हौसला बढ़ाते नजर आए। प्रशासनिक सतर्कता, सुरक्षा प्रबंध और उड़नदस्ता दलों की निगरानी के बीच बोर्ड परीक्षाओं का यह दौर शुरू हो गया है, जो आगामी दिनों तक जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *