भास्कर न्यूज | कवर्धा कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन क्रमश: 30 मार्च और 5 अप्रैल को होगा। 30 मार्च को रविवार का अवकाश है। चैत्र नवरात्रि का प्रारंभ होने के साथ हिंदू नववर्ष भी है। सोमवार 31 मार्च को संभावित ईद भी मनाई जाएगी। ऐसे में मूल्यांकन ड्यूटी में लगे शिक्षकों को त्योहार में भी छुट्टी नहीं है। शिक्षा विभाग के मुताबिक, कबीरधाम जिले में कक्षा पांचवीं में 16,617 बच्चे दर्ज हैं। वहीं कक्षा 8वीं में 17,212 बच्चे अध्ययनरत हैं, जो इस बार बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं। पांचवीं की परीक्षा हो चुकी है। वहीं कक्षा 8वीं की अंतिम परीक्षा 4 अप्रैल को होगी। इससे पहले ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए करीब 1 हजार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। खास बात ये है कि 30 मार्च को रविवार है और हिंदू नववर्ष भी मनाया जाएगा। लेकिन शिक्षकों को इस दिन भी छुट्टी नहीं मिल पा रही है। कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने के लिए पंडरिया स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। बीईओ से जारी पत्र के अनुसार, मूल्यांकन कार्य के लिए 196 शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। राहत देनी चाहिए: टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चंद्रवंशी का कहना है कि कक्षा 8वीं की परीक्षा 4 अप्रैल को खत्म होगी। 5 अप्रैल से उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन शुरू होगा। इसी दिन 5वीं की कॉपी भी जांच हो। एक शिक्षक कुल 40 उत्तरपुस्तिका जांचेंगे चारों ब्लॉक में मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में औसतन 200- 200 शिक्षकों की ड्यूटी लगी है, जो कक्षा 5वीं और 8वीं की उत्तर पुस्तिकाएं चेक करेंगे। हर दिन एक शिक्षक 40-40 कॉपी जांचेंगे। कक्षा 5वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 30 मार्च से सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा। कक्षा 8वीं की कॉपियों का मूल्यांकन 5 अप्रैल से इसी समय पर किया जाएगा।


