आतंकी पासियां की गिरफ्तारी पर पंजाब में सियासत तेज:बाजवा के ग्रेनेड वाले बयान पर मंत्री अरोड़ा का पलटवार, कहा-पंजाब पुलिस की इनपुट से अरेस्ट

कुख्यात आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ ​​हैप्पी पासियां की अमेरिका में गिरफ्तारी को लेकर पंजाब की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा ने एक वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा पर सीधा हमला बोला है। साथ ही उन्होंने दावा किया है कि यह गिरफ्तारी पंजाब पुलिस के इनपुट और सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से की गई है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा- पिछले दिनों हुए बम धमाकों की जिम्मेदारी हैप्पी पासियां ने ली थी। पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस इस शख्स की हरकतों पर नकेल कस रही थी। इस बीच खबर आई कि वह पकड़ा गया है। यह एक बड़ी कामयाबी है और पंजाब पुलिस और इंटेलिजेंस बधाई की पात्र हैं। अरोड़ा ने कहा कि अब सवाल उन लोगों से उठता है जो पंजाब में डर और आतंक का माहौल बनाना चाहते थे। वहीं प्रताप बाजवा जैसे लोग जो कहते थे कि पंजाब पुलिस को भंग कर देना चाहिए, पुलिस बेकार है और पंजाब पुलिस 7 बजे सो जाती है। अब उन्हें जवाब देना होगा कि उनके बयानों का आधार क्या था। आज अगर पंजाब पुलिस और दूसरी खुफिया एजेंसियों की खुफिया सूचनाओं की मदद से सात समंदर पार कोई आतंकवादी पकड़ा जाता है तो ये बहुत बड़ी उपलब्धि है। पंजाब पुलिस वो फोर्स है जिसने अपने बल पर आतंकवाद के युग को खत्म किया है। अरोड़ा ने पंजाब पुलिस की तारीफ की मंत्री ने कहा कि पंजाब पुलिस ने पिछले दिनों आतंकवाद के काले दौर से राज्य को बाहर निकाला है और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से आतंकवादियों को पकड़ने में अभी भी सफल रही है। पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस पंजाब की शांति से छेड़छाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को कभी माफ नहीं करेगी। प्रताप बाजवा पर आरोप अमन अरोड़ा ने कांग्रेस नेता प्रताप बाजवा पर राजनीतिक लाभ के लिए पंजाब की छवि खराब करने का आरोप लगाया और कहा कि बाजवा को पंजाब पुलिस की कार्यशैली पर बार-बार सवाल उठाने के बजाय अब अपनी बयानबाजी का आधार स्पष्ट करना चाहिए। अमेरिका में अरेस्ट है हैप्पी पासियां पंजाब में ग्रेनेड हमलों के मास्टरमाइंड हरप्रीत सिंह उर्फ ​​हैप्पी पासियां को अमेरिका में पुलिस ने बीते दिन गिरफ्तार कर लिया है। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने पासियां की गिरफ्तारी की फोटो शेयर की। फोटो के साथ लिखा- भारत के पंजाब में हुए आतंकवादी हमलों के जिम्मेदार आतंकवादी हरप्रीत सिंह को सैक्रामेंटो में गिरफ्तार कर लिया है। 2 इंटरनेशनल टेररिस्ट ग्रुपों से जुड़ा हरप्रीत अवैध रूप से अमेरिका में घुसा। पकड़े जाने से बचने के लिए बर्नर फोन का इस्तेमाल करता था। अमेरिकी एजेंसी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इंफोर्समेंट (ICE) ने उसे हिरासत में लिया। ISI और BKI से नजदीकी, पंजाब में 14 से ज्यादा हमले हैप्पी पासियां पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का करीबी माना जाता है। उसने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और आतंकी रिंदा के साथ मिलकर पंजाब में कई ग्रेनेड हमलों और आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक, पासियां की अमेरिका में मौजूदगी की सूचना काफी समय से थी। सुरक्षा एजेंसियों की नजर उस पर बनी हुई थी। NIA ने घोषित किया था 5 लाख का इनाम राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जनवरी 2025 में हैप्पी पासियां पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। उसे चंडीगढ़ ग्रेनेड अटैक केस में वांटेड घोषित किया गया था। NIA की वेबसाइट पर उसकी तस्वीर के साथ उसे ‘वांटेड’ की सूची में शामिल किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *