जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 27 लोगों की मौत हो गई। घटना बैसारन घाटी इलाके में मंगलवार दोपहर 2.45 बजे हुई। इंदौर के वीणा नगर निवासी सुशील नथानियल भी इस हमले में मारे गए हैं। उनकी बेटी आकांक्षा गोली लगने से घायल हुई हैं। सुशील आलीराजपुर स्थित एलआईसी की सैटेलाइट शाखा में पदस्थ थे। वे 4 दिन पहले ही 21 वर्षीय बेटे ऑस्टिन गोल्डी, 30 वर्षीय बेटी आकांक्षा और पत्नी जेनिफर के साथ कश्मीर गए थे। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून) अमित सिंह ने सुशील की मौत की पुष्टि की है। छिंदवाड़ा की चौरई विधानसभा के कांग्रेस नेता नवीन चौधरी (45) पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दौरान मौके पर मौजूद थे। दोस्तों के साथ कश्मीर घूमने गए चौधरी ने बताया- शुरुआत में लगा कि कोई पटाखे फोड़ रहा है। लोगों के चिल्लाने और भागने की आवाजें सुनकर समझ में आया कि यह आतंकी हमला है। हमले के समय चौधरी रील बना रहे थे। जान का खतरा भांपते ही वहां से भागे। भागते समय सेल्फी मोड में वीडियो भी रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह कह रहे हैं कि अब परमेश्वर ही उनकी जान बचा सकते हैं। उन्होंने वीडियो में हमले का भी जिक्र किया है। आतंकियों ने कलमा पढ़ने को कहा, फिर गोलियों से भूना
इंदौर के सुशील नथानियल के भाई विकास ने बताया- आतंकवादियों ने पहले सुशील को घुटनों पर बैठाया, फिर उन्हें कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया। जब उन्होंने अपना धर्म ईसाई बताया, तब आतंकवादियों ने उन्हें गोलियों से भून दिया। आकांक्षा को पैर में गोली लगी है। घटना से पहले सुशील ने अपनी पत्नी को छिपा दिया था और स्वयं आतंकवादियों के सामने खड़े हो गए थे। जेनिफर खातीपुरा के सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। घायल आकांक्षा सूरत में बैंक ऑफ बड़ौदा में फर्स्ट क्लास ऑफिसर जबकि ऑस्टिन गोल्डी बैडमिंटन खिलाड़ी है। परिवार मूल रूप से जोबट का रहने वाला है। जेनिफर-आकांक्षा अस्पताल में भर्ती
सेना ने इंदौर पुलिस को पहलगाम हमले के मृतकों और घायलों की लिस्ट भेजी है। इसके आधार पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) अमित सिंह ने बताया- अंकिता को पैर में गोली लगी है जबकि जेनिफर भागते समय गिरने से घायल हुई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को श्रीनगर से दिल्ली, फिर इंदौर लाया गया
सुशील के छोटे भाई विकास की पत्नी जैमा ने बताया- सुशील और उनका परिवार बाहर रहता है। घूमने के लिए पहलगाम गया था। बेटे ऑस्टिन का फोन आने पर हमें पता लगा। हमारा पूरा परिवार यहां इकट्ठा हो गया है। भाभी से भी बात हुई। वे बहुत दु:खी हैं। जैमा ने कहा- ऐसे आतंकियों को गोली मार देनी चाहिए। भारत के लोगों को वहां पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए। शव को श्रीनगर से दिल्ली और वहां से इंदौर के लिए रवाना किया गया। रात में शव इंदौर एयरपोर्ट पहुंचा। यहां से उनके घर एमआर 10 ले जाया गया। धारा 370 हटने के बाद से ही जाने का प्लान बना रहे थे
सुशील के मामा के बेटे संजय कुमरावत ने बताया- 22 अप्रैल हमारे लिए बहुत बुरा दिन साबित हुआ। हमें बताया होता तो हम जाने ही नहीं देते। सुशील की हमेशा सरप्राइज देने की आदत थी। वह सरप्राइज देकर ही हमसे विदा हो गया। हम काका-मामा-बुआ के 10-12 भाई-बहन हैं। हमेशा साथ ही पिकनिक मनाते हैं। घूमने भी साथ ही जाते हैं। धारा 370 हटने के बाद हमने कई बार प्लान किया था कि कश्मीर जाना चाहिए। सुशील ने सरप्राइज देने के चक्कर में समय गलत चुन लिया। संजय ने कहा- यदि आज सूर्यास्त के पहले शव आ जाता है तो आज ही अंतिम संस्कार करेंगे। नहीं तो कल सुबह कब्रिस्तान ले जाएंगे। हमारे निकलने के 15 मिनट बाद ही हमला जिस जगह आतंकी हमला हुआ, वहां मध्य प्रदेश के महू के किशनगंज में रहने वाले होटल और प्रॉपर्टी कारोबारी सुमित शर्मा भी परिवार के साथ मौजूद थे। वे 15 मिनट पहले ही परिवार के साथ वहां से निकले थे। कारोबारी सुमित शर्मा ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए बताया कि वहां से तीन किमी दूर हम लोग रुके हुए हैं। जो भी लोग ऊपर गए थे, सभी को श्रीनगर भेज दिया गया है। सारे होटल खाली करा लिए गए हैं। सर्चिंग ऑपरेशन जारी, पर्यटकों को निकाला जा रहा
सुमित के मुताबिक, पहले बताया गया कि चार-पांच लोग घायल हुए हैं। बाद में खबर आई कि 20 से 25 लोग घायल हुए हैं। अभी सर्चिंग ऑपरेशन चल रहा है। चप्पे-चप्पे पर सीआरपीएफ के जवान और आर्मी वाले लगे हुए हैं। पर्यटकों को वहां से निकाल दिया गया है। पहलगाम में जो लोग रुके हैं, उन्हें कॉनवॉय बनाकर निकाला जाएगा। हालात सुधरेंगे, तभी हम यहां से बाहर निकल पाएंगे
सुमित ने बताया- अभी लगातार आर्मी और अन्य बलों का सर्चिंग अभियान जारी है। हेलिकॉप्टर से भी सर्चिंग की जा रही है। यहां पर डर का माहौल बना हुआ है। हमारा रिटर्न टिकट 25 अप्रैल का है। अब देखते हैं, हालात सुधरेंगे, तभी हम लोग यहां से बाहर निकाल पाएंगे। इधर महू से परिवार वालों के फोन भी हमारे पास आ रहे हैं। हमने उन्हें बताया है कि हम सभी सुरक्षित हैं। यहां पूरी तरह से आर्मी तैनात है। शर्मा ने बताया कि वे तीन दिन पहले पत्नी और दो बच्चों के साथ कश्मीर घूमने गए थे। शेड्यूल बदला, वरना इंदौर के 75 बुजुर्गों का ग्रुप पहलगाम में ही होता
इंदौर से 75 सीनियर सिटीजन का ग्रुप भी 22 और 23 अप्रैल को पहलगाम ही पहुंचने वाला था। होटल बुकिंग नहीं मिलने पर आखिरी मौके पर शेड्यूल बदल गया। इस वजह से वे श्रीनगर में ही रुक गए। ग्रुप से जुड़े महेश डाकोलिया ने कहा- यह भगवान का आशीर्वाद ही है कि हमारी यात्रा का शेड्यूल और जगह में आखिरी वक्त पर बदलाव हुआ। डाकोलिया ने बताया कि पहले 21 अप्रैल को इंदौर से रवाना होकर श्रीनगर से सीधे पहलगाम के लिए निकलना था। 22 और 23 को भी पहलगाम में ही रुकने का प्लान था। होटल फुल होने से पहलगाम की जगह श्रीनगर और सोनमर्ग का प्लान कर लिया। हालांकि, अब आतंकवादी हमले के बाद हमने वहां जाना निरस्त कर दिया है। मंगलवार को श्रीनगर से सोनमर्ग होकर वापस आएंगे। पहलगाम की बैसारन घाटी में पर्यटकों पर फायरिंग
बता दें कि आतंकियों ने मंगलवार दोपहर करीब 2.45 बजे पहलगाम की बैसारन घाटी में पर्यटकों पर फायरिंग की, जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में इटली और इजराइल का एक-एक पर्यटक और 2 स्थानीय नागरिक शामिल हैं। बाकी पर्यटक मध्यप्रदेश गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकियों ने एक टूरिस्ट से नाम पूछा, फिर उसके सिर में गोली मार दी। इसके बाद दूसरे पर्यटकों पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ली है। घटना में 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पहलगाम में हमले वाले इलाके को घेर लिया है। हेलिकॉप्टर से भी नजर रखी जा रही है। विवादित पोस्ट करने पर दो लोग गिरफ्तार
दमोह में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट भी किए जा रहे हैं। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
सीएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि वसीम खान नाम के युवक ने पहलगाम आतंकी हमले और श्रीराम के नाम को लेकर विवादित पोस्ट की। इस पर तनवीर कुरेशी ने आपत्तिजनक कमेंट किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की है। दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सीएम बोले- आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा इससे जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
जम्मू-कश्मीर में पुलवामा के बाद सबसे बड़ा हमला, 26 मौतें:आतंकियों ने टूरिस्ट के नाम पूछकर गोली मारी, इजराइल-इटली के 2 टूरिस्ट मारे गए
अपनों की लाशों के बीच रोते-बिलखते रहे टूरिस्ट:फायरिंग से बिछ गईं 26 लाशें, VIDEO में पहलगाम हमले का मंजर
मिनी स्विट्जरलैंड में टूरिस्ट पर हमले के 18 PHOTOS:एक पर्यटक के सिर में गोली मारी, मैदान में घायल पति को संभालती रही पत्नी; 26 मौतें