आतिशी बोलीं-3 महीने में दूसरी बार CM आवास से निकाला:PWD का जवाब- आतिशी कभी CM हाउस में रहने नहीं आईं, इसलिए आवंटन रद्द हुआ

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, आप सांसद संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आतिशी ने कहा कि कल रात केंद्र की भाजपा सरकार ने मेरे सरकारी आवास से मेरा सामान निकालकर फेंक दिया। ये तीन महीने में दूसरी बार हुआ है। इसके कुछ देर बाद पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) ने एक लेटर जारी कर उनके दावों को खारिज कर दिया। PWD ने कहा कि आतिशी कभी मुख्यमंत्री निवास में रहने ही नहीं आईं। PWD ने कहा कि आतिशी से कई बार 6-फ्लैगस्टाफ रोड का पजेशन लेने को कहा गया, लेकिन वे नहीं मानीं। आतिशी को दो नए आवासों का प्रस्ताव भी दिया गया था। इनमें से एक राज निवास लेन और दूसरा दरियागंज में है। PWD ने बताया कि नियमों के मुताबिक, जिसे आवास अलॉट किया गया है, वह अगर ‘हैबिटेबिलिटी सर्टिफिकेट’ जारी होने के पांच वर्किंग डे के अंदर घर का भौतिक कब्जा नहीं लेता, तो आवंटन खुद ही रद्द हो जाता है। PWD बोला- CM आवास की CBI जांच जारी PWD के लेटर में मुख्यमंत्री आवास के CAG ऑडिट का भी जिक्र किया गया है। PWD ने लिखा, CBI जांच भी चल रही है। हाल ही में डायरेक्टोरेट ऑफ विजिलेंस (DOV) ने बंगले के निर्माण और नवीनीकरण से जुड़े कुछ आरोपों पर तथ्यात्मक जानकारी मांगी है। PWD इस मामले से संबंधित इन्वेंट्री को वेरिफाई कर रहा है। संजय सिंह ने चुनौती दी- देश की जनता को अपना राजमहल दिखाएं पीएम प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली मुख्यमंत्री आवास के बारे में नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के बड़े नेता तक एक ही प्रचार कर रहे हैं। कह रहे हैं कि उसमें मिनी बार बना हुआ है, उसमें सोने का टॉयलेट बना हुआ है, उसमें स्विमिंग पूल बना हुआ है। जबकि इसी दिल्ली में प्रधानमंत्री का राजमहल है जो 2700 करोड़ रुपए में बना है। संजय सिंह ने कहा कि पीएम ने फैशन डिजाइनर्स को फेल कर दिया है। दिन में तीन-तीन बार कपड़े बदलते हैं, 10-10 लाख की पेन रखते हैं, 6700 जूते की जोड़ियां, 5000 सूट हैं। उनके घर में 300 करोड़ रुपए के कालीन बिछे हैं, जिसमें सोने के तार लगे हुए हैं। 200 करोड़ रुपए का झूमर लगा हुआ है। राजमहल में कहां-कहां हीरे लगे हुए हैं, ये पूरे देश को दिखाइए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इस देश की जनता को, मीडिया को अपना राजमहल दिखाए। मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि तुम्हारा झूठ कल उजागर होगा। कल 11 बजे मीडिया के साथ चलकर पहले दिल्ली सीएम के आवास को देखें और कितने करोड़ में बना है और फिर पीएम के राजभवन को देखने चलें। आतिशी बोलीं- अगर जरूरत पड़ी तो मैं दिल्लीवालों के घर में रह लूंगी आतिशी बोलीं कि एक चिट्‌ठी भेजकर मुख्यमंत्री आवास का अलॉटमेंट कैंसिल किया और एक चुनी हुई मुख्यमंत्री से CM आवास छीन लिया। भाजपा को लगता है कि घर छीनने से, हमारे साथ गाली-गलौच करने से, मेरे परिवार के बारे में निचले स्तर की बातें करने से ये हमारे वो काम रोक देंगे, जो हम दिल्लीवालों के लिए कर रहे हैं। मैं बताना चाहती हूं कि घर छीनने से, हमें गालियां देने से हमारे काम रुकेंगे नहीं। अगर जरूरत पड़ी, तो मैं आपके घर आकर रहूंगी और आपके घर से दिल्लीवालों के लिए काम करूंगी। भाजपा का आरोप- केजरीवाल ने अपने लिए 45 करोड़ का शीशमहल बनवाया करीब एक महीने पहले दिल्ली भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास का वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने 6, फ्लैगस्टाफ रोड का बंगला अब तक खाली नहीं किया है। भाजपा ने आरोप लगाया कि खुद को आम आदमी कहने वाले केजरीवाल ने अपने रहने के लिए ‘शीशमहल’ बनवाया था। केजरीवाल कहते थे कि सरकारी घर नहीं लूंगा, लेकिन रहने के लिए 7 स्टार रिसॉर्ट बना डाला। इस महल में 1.9 करोड़ रुपए से मार्बल ग्रेनाइट, लाइटिंग, 1.5 करोड़ रुपए से मरम्मत और 35 लाख रुपए से जिम और स्पा बनवाया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल को दिल्ली के लोगों को बताना चाहिए कि उन्होंने किस अधिकार से अपने बंगले की सजावट पर करीब 45 करोड़ रुपए खर्च कर दिए, जबकि कोविड में जनता के विकास कार्य ठप थे। भाजपा के आरोप पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने कहा कि वह मकान 1942 में बना था और बहुत खस्ता हालत में था। मकान की छतें टपकती थीं। कुछ तो गिर भी गई थीं। पब्लिक वर्क डिपार्टमेंट के ऑडिट के बाद ही मकान की मरम्मत कराई गई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 5 फरवरी को सिंगल फेज में होगा दिल्ली विधानसभा चुनाव, 8 को नतीजे दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर सिंगल फेज में 5 फरवरी को वोटिंग होगी। रिजल्ट 8 फरवरी को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने मंगलवार को यह जानकारी दी। तारीखों की घोषणा के दिन से रिजल्ट तक दिल्ली चुनाव की प्रक्रिया 33 दिन में पूरी हो जाएगी। 2015 और 2020 के मुकाबले इस बार चुनाव और रिजल्ट की घोषणा एक हफ्ते पहले हो रही है। पूरी खबर यहां पढ़ें… ——————————- मुख्यमंत्री आवास से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… क्या केजरीवाल ने ‘शीशमहल’ पर ₹45 करोड़ खर्चे, रेनोवेशन के नियम क्या हैं; ‘शीशमहल विवाद’ पर वो सबकुछ जो जानना जरूरी है दिल्ली चुनाव से पहले पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का घर फिर चर्चा में है। 4 दिन से बीजेपी केजरीवाल पर ‘शीशमहल’ बनवाने का आरोप लगा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी ‘शीशमहल’ को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा है। जवाब में केजरीवाल ने पीएम मोदी पर महंगी चीजें इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *