बूंदी पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी मृतक सत्यनारायण की पत्नी का प्रेमी बताया जा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि डाबी थाना पुलिस ने इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक युवराज सोन्धिया को गिरफ्तार किया। पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार मृतक सत्यनारायण (47), पुत्र तोलाराम, धनेश्वर, थाना डाबी, जिला बूंदी का निवासी था। वह डाबी में मजदूरी करता था और उसकी पत्नी रूबी और दो छोटे बच्चे उसके साथ रहते थे। रिपोर्ट में बताया गया है कि मकान मालिक के बेटे युवराज निवासी डाबी और सत्यनारायण की पत्नी रूबी के बीच प्रेम प्रसंग और अनैतिक संबंध थे। इन संबंधों के कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। झगड़ों से परेशान होकर सत्यनारायण अपने दोनों बच्चों को लेकर अपने पैतृक गांव छजावा तहसील अटरू जिला बारां चला गया था। लगभग 7-8 दिन पहले, सत्यनारायण के साले नवीन पुत्र चोथमल, निवासी बपावर और रूबी ने कथित तौर पर एक षड्यंत्र रचा। उन्होंने सत्यनारायण को बार-बार फोन कर डाबी वापस आने और गांव से 20 हजार रुपए लाने का दबाव बनाया। इस दबाव के बाद सत्यनारायण अपनी मोटरसाइकिल पर दोनों बच्चों के साथ डाबी लौट आया। कुछ दिनों बाद जब पीड़ित ने सत्यनारायण के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो वह बंद मिला। इसके बाद फरियादी अपने भाई सोनू के साथ डाबी पहुंचा, लेकिन उन्हें सत्यनारायण वहां नहीं मिला। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


