भास्कर न्यूज | बेनूर स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी/ हिंदी माध्यम विद्यालय बेनूर में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने नारी शक्ति को बढ़ावा देने के लिए समाज में महिलाओं की भूमिका को दर्शाने वाली विभिन्न मॉडल की प्रस्तुतियां दी। छात्रों ने डॉक्टर, मॉडल, मां, अध्यापक और टीचर के किरदार निभाए और उनके महत्व पर प्रकाश डाला। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम द्वारा महिला शिक्षिकाओं, छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं को सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने रानी लक्ष्मीबाई और मां दुर्गा के उदाहरण देते हुए महिलाओं की शक्ति और साहस को याद किया छात्राओं को बताया गया कि वे इन महान विभूतियों से प्रेरणा लें साथ ही उन्हें जीवन में सही मार्ग पर चलने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। व्याख्याता रेणुका ठाकुर ने कहा अगर हम किसी समाज को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले हमें महिलाओं को सशक्त बनाना होगा। महिला सशक्तिकरण का अर्थ है महिलाओं को उनके अधिकार, शिक्षा, रोजगार और स्वतंत्रता देना ताकि वे अपने जीवन को अपनी शर्तों पर जी सके। विद्यालय के प्राचार्य दीनदयाल शोरी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नारी किसी भी परिस्थिति का बहादुरी से सामना कर सकती है। इस मौके पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष जुगधर कचलाम, विशुदत्ता, फूलधर कचलाम, प्राचार्य दीनदयाल शोरी , शिक्षक विद्या मानिकपुरी, ममता नंदी, व अन्य शिक्षक मौजूद रहे।


