आदतन बदमाश अंचल व संजय किए गए जिलाबदर

भास्कर न्यूज | कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गुरुवार को दो आदतन अपराधियों को एक-एक साल के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया है। अंचल अग्रवाल और संजय पावले को 9 जिलों की सीमाओं के बाहर रहना होगा। दोनों के खिलाफ लूट, मारपीट, भयादोहन, शराब तस्करी व बलवा जैसे कई मामले दर्ज हैं। रविशंकर शुक्ल नगर के एमआईजी 1/55 निवासी अंचल अग्रवाल (30) पिता अनिल अग्रवाल ट्रांसपोर्टिंग का काम करता है। उसके खिलाफ मारपीट लूट, भैयादोहन, शराब तस्करी, बलवा जैसे कई मामले में संलिप्तता रही है। इससे लोग भयभीत रहते थे। पुलिस ने इस पर रोक लगाने कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी। इसके बाद भी उसके आदत में सुधार नहीं हुआ। उसके खिलाफ मानिकपुर सहायता केंद्र, सिविल लाइन रामपुर में कई मामले दर्ज हैं। एसपी के प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर ने सुनवाई के बाद उसे जिलाबदर करने की कार्रवाई की है। इसी तरह शंकर नगर खरमोरा निवासी संजय पावले (38) पिता संपत पावले के खिलाफ भी मारपीट, धमकाने, हथियार लहराकर भय पैदा करने, शराब बेचने समेत कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ भी एसपी के प्रतिवेदन के आधार पर जिलाबदर की कार्रवाई की गई है। दोनों ही अपराधियों को बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सरगुजा, सूरजपुर, महेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर और गौरेला पेंड्रा मरवाही की सीमाओं से 24 घंटे के भीतर बाहर जाने कहा गया है। अपराधियों को न्यायालय की पूर्व लिखित अनुमति के बिना इन जिलों की राजस्व सीमाओं में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने कहा है कि समाज में भय फैलाने, असुरक्षा पैदा करने, नशाखोरी को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *