सूरजपुर जिले के आदिवासी विकास विभाग में 70.84 लाख रुपए के कथित घोटाले का मामला सामने आया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े ने इस मामले को लेकर कलेक्टर से मुलाकात की है। विभाग ने 21 अप्रैल 2025 को निविदा क्रमांक 303/2025-26/114 जारी की थी। यह निविदा न तो किसी समाचार पत्र में प्रकाशित की गई, न ही कार्यालय के सूचना पटल पर लगाई गई। जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.surajpur.gov.in पर भी इसे अपलोड नहीं किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि यह निविदा चुनिंदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए गोपनीय तरीके से निकाली गई। भगवती राजवाड़े ने निविदा को निरस्त कर नए सिरे से नियमानुसार जारी करने की मांग की है। कलेक्टर ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित करने का आदेश दिया है।


