भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड अंतर्गत चाडरी स्थित आदिवासी हो मार्शल क्लब में मागे परब पर्व धूमधाम और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के प्रतिनिधि के तौर पर भाजपा नेता व समाजसेवी राकेश सतपथी उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान से हुई। क्लब के देउरी बकेस्वर बांकीरा ने पूजा-अर्चना कर गांव और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान वासुदेव महतो ने कहा कि मागे पर्व आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। मुख्य अतिथि प्रतिनिधि राकेश सतपथी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे पर्व समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में वार्ड सदस्य जगन्नाथ टुडू, धनिराम महतो, राजाराम महतो, मोहन गुन्दुवा, लालसिंह गुन्दुवा, सुनिल बांकीरा, तुंगिर गुन्दुवा, विजय गुन्दुवा सहित क्लब के तमाम सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे। मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें पारंपरिक नृत्य-गीत के माध्यम से मागे पर्व की महत्ता को दर्शाया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


