जालंधर| पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत युवाओं को किताबों से जोड़ने के लिए जिले में बनाए जा रहे पुस्तकालयों के चल रहे काम की मंगलवार को डीसी ऑफिस में समीक्षा की गई। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुस्तकालयों का काम 15 जुलाई तक पूरा किया जाए, ताकि इन्हें जल्द से जल्द खोला जाए। यहां जिला प्रशासनिक परिसर में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) बुद्धि राज सिंह और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिले में 201.24 लाख रुपए की लागत से 6 पुस्तकालय बनाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम जल्दी पूरी कर समितियों के गठन के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी पूरी किया जाए । जालंधर| लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में जागरूक करने के लिए वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान तीन महीने तक चलाया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को जिला स्तरीय सलाहकार समिति की विशेष बैठक हुई। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जनरल अमनिंदर कौर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में जागरूक करने का अभियान 1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलाया जाएगा। तीन महीने के इस अभियान के दौरान लोगों को बैंकों में वित्तीय समावेशन के तहत चल रही योजनाओं, प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और अटल पेंशन योजना (एपीवाई) के बारे में जानकारी दी जाएगी। बैंक अधिकारी पंचायतों के सहयोग से कैंप लगाएंगे, जिसमें केवाईसी दस्तावेज उपलब्ध करवाकर पुराने खातों को पुनः सक्रिय करवाने तथा नए खाते खुलवाने में सहायता करने संबंधी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस संबंध में पंचायतों को जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा बैंकों का सहयोग करें। उन्होंने सभी बैंकों के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों को इस संबंध में दैनिक रिपोर्ट एल.डी.एम दफ्तर को भेजने के लिए भी कहा। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि अभियान की कारगुजारी की समीक्षा के लिए हर महीने समीक्षा समिति की बैठक होगी। बैठक में प्रिंसिपल जिला प्रबंधक जालंधर मोहन सिंह मोती, नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक सविता सिंह, डी.डी.पी.ओ दफ्तर जालंधर तथा बैंकों के जिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


