सिरोही सदर थाना क्षेत्र के गोयली गांव में तीन चोरों ने एक मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से हजारों रुपए के चांदी के छत्र लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे कैद हो गई है। सदर थाना पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार सिरोही सदर थाना क्षेत्र की गोयली गांव में एक खेत में बने मंदिर को चोरों ने निशाना बना लिया। मंगलवार रात करीब 3 बजे 3 चोर मंदिर से आरती की थाली, मुकुट, चांदी का छत्र सहित अन्य आभूषण चुराकर फरार हो गए। वारदात वहां लगे हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें तीन चोर एक-एक कर मंदिर परिसर में दाखिल होने तथा चोरी का सामान लेकर बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर सिरोही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


