भास्कर न्यूज | कवर्धा आचार्य पंथ श्रीगृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कवर्धा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम हुआ। प्रभारी प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराना था। कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. ऋचा मिश्रा ने सभी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय परिवार में उनके आगमन पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सफल क्रियान्वयन में सभी प्राध्यापकों और कर्मचारियों की सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति की मूल भावना और सरकार द्वारा इसे लागू करने की चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक शिक्षा भी अत्यंत आवश्यक है, तभी देश और समाज का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम का संचालन मुकेश कामले ने किया। इस दौरान भगत पटेल, हरीश साहू, महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी, अतिथि व्याख्याता उपस्थित रहे। विशेष अतिथि नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, नगर मंडल अध्यक्ष श्रीकांत उपाध्याय और जनभागीदारी समिति के सदस्य अजय ठाकुर ने भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान क्रियान्वयन प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. दीप्ति जांगड़े ने प्रोजेक्टर के माध्यम से नीति की विस्तृत जानकारी दी। जंतु विज्ञान के विभागाध्यक्ष दीपक देवांगन ने विज्ञान विभाग की गतिविधियों व शिक्षकों का परिचय कराया। खेल गतिविधियों व छात्रवृत्ति योजना से कराया अवगत: कार्यक्रम में हनुमान दास बंजारे ने छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी। क्रीडा अधिकारी खेलन प्रसाद महुले ने खेलकूद गतिविधियों, रवि कुमार गढ़ेवाल ने केंद्रीय ग्रंथालय की जानकारी दी। साथ ही कृष्ण कुमार बंजारे ने रेडक्रॉस और भानुप्रताप सिंह ने एनसीसी की जानकारी दी।