राजस्थान के प्रसिद्ध आमेर महल में हाथी सवारी की दरों में संशोधन किया गया है। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक डॉ. पंकज घरेन्द्र ने बताया कि कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के शासन सचिव रवि जैन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। अब हाथी सवारी की नई दर 1500 रुपए प्रति सवारी होगी, जो 10 जनवरी से प्रभावी हो जाएगी। इसके अतिरिक्त यह भी तय किया गया है कि हाथी सवारी की दरों में प्रतिवर्ष 5% की वृद्धि की जाएगी और प्रत्येक 5 वर्ष बाद इन दरों की समीक्षा की जाएगी। इससे पूर्व 1 अक्टूबर 2024 को हाथी सवारी की दरें 1100 रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपये की गई थीं, जिससे पर्यटकों की संख्या में कमी देखी गई थी। पर्यटन विभाग ने इस पर पुनर्विचार करते हुए दरों को घटाकर 1500 रुपए करने का निर्णय लिया था। इस पर हाईकोट ने विभाग को नए सिरे से दरों को निर्धारित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभागीय अधिकारियों और समिति के बीच चर्चा के बाद यह नई दर निर्धारित की गई है।


