राजस्थान की उत्कर्ष कोचिंग पर शनिवार रात को आयकर विभाग की कार्रवाई पूरी हो गई। इस दौरान विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग को करोड़ों रुपए के इन्वेस्टमेंट की जानकारी मिली थी। आयकर विभाग की टीम को उत्कर्ष कोचिंग और फिजिक्स वाला के बीच हुई 800 करोड़ की डील में टैक्स चोरी का पता चला था। इसके बाद आयकर विभाग की टीमों ने जयपुर, जोधपुर समेत देश में 17 जगह पर 2 से 4 जनवरी तक सर्च की कार्रवाई की थी। कार्रवाई में 13 लाख से अधिक कैश और साढ़े 4 किलो गोल्ड भी मिला। इधर, कार्रवाई पूरी होने के बाद उत्कर्ष ग्रुप के डायरेक्टर निर्मल गहलोत ने सोशल मीडिया पोस्ट की। अब जानिए- निर्मल गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में क्या लिखा?
2 से 4 जनवरी की रात तक मेरे घर सहित उत्कर्ष के जोधपुर, जयपुर, इंदौर और प्रयागराज के कुल 17 सेंटरों पर आयकर विभाग के सर्च की कार्रवाई चली। हमने आयकर विभाग को जांच में पूरा सहयोग किया। जो डेटा मांगा वह सब पेश किया। घर से क्या मिला?
गहलोत ने पोस्ट में लिखा- मेरे घर से 13 लाख 26 हजार 50 रुपए कैश मिला। जो मेरे ही घरवालों की ओर से बैंक से निकाली गई राशि थी। घर की 4 महिला और 6 पुरुष सदस्यों की कुल 4.5 किलोग्राम ज्वेलरी मिली (जिसमें से अधिकांश मांगलिक अवसरों पर बड़ों से मिले उपहार थे और शेष ज्वेलरी के बिल थे)। इसके अलावा प्रॉपर्टी के कागजात मिले। विभाग के अधिकारी ये जानकर हैरान थे कि प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री डीएलसी रेट में नहीं, बल्कि मार्केट वैल्यू में की गई है। इसका मतलब हमने प्रॉपर्टी के लेन-देन में भी कभी कैश ट्रांजैक्शन नहीं किया। जितनी भी संस्थाओं को डोनेशन दिया, वह भी हमेशा चैक से ही किया है। उत्कर्ष के 17 सेंटरों से क्या मिला?
गहलोत ने लिखा- कहीं से कोई भी नकदी नहीं मिली। सभी स्टूडेंट्स की फीस की सॉफ्टवेयर में एंट्री मिली। आयकर विभाग ने सभी सेंटर से डेटा कलेक्ट किए हैं। मैं अपने स्टूडेंट्स और शुभचिंतकों को बताना चाहूंगा कि हम 100% विद्यार्थियों का 100% जीएसटी जमा कराते हैं। जितना आयकर बनता है, वह पूरा जमा कराते हैं। उत्कर्ष 1 रुपए की भी आयकर चोरी नहीं करता है। आखिर में लिखी अपनी बात
गहलोत ने पोस्ट के आखिर में लिखा- हमने कभी भी किसी डील में कैश में ट्रांजैक्शन नहीं किया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि उत्कर्ष ने आटे में नमक के बराबर भी आयकर/जीएसटी में चोरी नहीं की है। आयकर विभाग को कोई इनपुट मिले होंगे, उसके आधार पर उन्होंने कार्रवाई की। जिसमें मेरी टीम ने पूरा सहयोग किया है और बाद में भी पूरा सहयोग करेंगे। 800 करोड़ की डील को लेकर सर्च संभव
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम को उत्कर्ष कोचिंग और फिजिक्स वाला के बीच हुई 800 करोड़ की डील में टैक्स चोरी का पता चला था। इसके बाद से टीम लगातार उत्कर्ष कोचिंग से जुड़े ठिकानों पर सर्च किया गया। पढ़ें विभाग की रेड से जुड़ी अन्य खबरें… राजस्थान की उत्कर्ष कोचिंग के सेंटर्स पर देशभर में छापेमारी:क्लास से बच्चों को निकाला; 800 करोड़ की डील रडार पर; IPO लाने की तैयारी थी उत्कर्ष कोचिंग मालिक के घर से मिला साढ़े चार-किलो सोना:करोड़ों रुपए एनजीओ को दिए; प्रॉपर्टी में भी हुआ लेन-देन; डील से जुड़े डॉक्युमेंट मिले


