दुर्ग और राजनांदगांव जिले की सीमा पर कल्याणी इस्पात नाम की एक आयरन कंपनी खुलने जा रही है। जिसका काम तेजी से चल रहा है। इसके विरोध में ग्रामीण बुधवार को सड़क उतर आए। ग्रामीणों का कहना है कि, इससे प्रदूषण बढ़ेगा, इसलिए कंपनी को बंद किया जाना चाहिए। कोपेडीह ग्राम पंचायत की सरपंच यमुना साहू ने कहा कि, कंपनी ने कई साल पहले ग्राम पंचायत से गलत जानकारी देकर एनओसी ली थी। उन्होंने गलत तरीके से जनसुनवाई की। ग्राम पंचायत ने एनओसी दी थी, वो दूसरी कंपनी थी। लेकिन अब दूसरी फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा है। इसलिए ग्राम पंचायत की दोबारा बैठक बुलाई गई। कंपनी के गेट के सामने बैठ गए ग्रामीण इस बैठक में सर्वसम्मति से सभी पंचों और ग्रामीणों की सहमति से प्रस्ताव को कैंसल कर दिया गया है। सरपंच ने इसकी जानकारी राजनांदगांव कलेक्टर को भी दिया है। इसके बाद भी कंपनी का निर्माण बंद नहीं हो रहा है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने कंपनी के गेट पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण परस साहू का कहना है कि, उन्हें यही नहीं पता है कि यहां कौन सी कंपनी काम कर रही है। ना तो उन्होंने यहां किसी का बोर्ड लगाया है। कल्याणी ने सहमति और एनओसी ली। उसके बाद पता चला कि यहां दूसरी कंपनी काम कर रही है। पहले ग्रामीणों को कोई जानकारी नहीं दी गई। अब पता चल रहा है कि यहां स्पंज आयरन की फैक्ट्री बनाई जा रही है। इससे गांव में प्रदूषण बढ़ेगा। यदि कंपनी का निर्माण नहीं बंद हुआ तो वो लोग जीई रोड पर चक्काजाम करेंगे। पुलिस के सामने कंपनी के गेट को किया बंद ग्रामीण इतने गुस्से में थे कि उन्होंने कल्याणी इस्पात के गेट को भी बंद कर दिया। कई घंटों तक न किसी को अंदर जाने दिया और न ही बाहर आने दिया गया। इस दौरान सोमनी पुलिस वहां मौजूद रही, लेकिन पुलिस की समझाईश के बाद भी ग्रामीण आंदोलन में डटे रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि काम नहीं रुका वो आगे और उग्र आंदोलन करेंगे।


