प्रशासनिक रिपोर्टर | भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव पांडेय ने दीक्षित कॉलोनी की सफाई और कोसा नाला में निर्माणाधीन रिटर्निंग वॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने जनहित के कार्यों में तेजी लाने और वर्षा ऋतु से पूर्व सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए। कोसा नाला का काम बीते कई सालों से चल रहा है। ठेकेदार समय पर काम नहीं कर रहा है। यही कारण है कि बीते बारिश के सीजन में पानी निकासी नहीं होने से राधिका नगर सहित अन्य क्षेत्र डूब गए थे। लोगों के घरों में नाला का पानी भर गया था। आयुक्त ने अधिकारियों को नाला किनारे का तत्काल सीमांकन कराकर वहां से अतिक्रमण हटाने कहा, ताकि आगामी बारिश से पहले काम पूरा हो जाए। दीक्षित कॉलोनी की गलियों और नालियों की सफाई की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाया कि कालोनी में बन रही सड़क पर ठेकेदार तराई नहीं कर रहा है। इस पर आयुक्त ने समय पर तराई करने के निर्देश दिए, ताकि मजबूती बनी रहे। जोन 5 क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान उद्यानों के संधारण, वाटर एटीएम की स्थिति और प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। सेक्टर 6 एचएसीएल उद्यान का पेवर ब्लॉक संधारण,वृक्षों की डालियों की छंटाई करने कहा। आयुक्त ने कहा गर्मी का सीजन आ रहा है। इससे पहले शहर के सभी वाटर एटीएम जो खराब है, उसे बनाकर चालू करने कहा।


